लोको पायलट की नौकरी का फर्जी ज्वाइनिंग लेटर बांट रहे जालसाज के भाई को दबोचा
5.70 लाख रुपये भाई ने लौटाए, शेष रुपये के लिए लोगों ने रोका
नौकरी के लिए 12 लोगों से लिए थे 12 लाख रुपये एडवांस
अमर उजाला ब्यूरो
रानीगंज। लोको पायलट की नौकरी का फर्जी ज्वाइनिंग लेटर लेकर पहुंचे जालसाज के भाई को लोगों ने दबोच लिया। दबाव पर जालसाज ने कुछ लोगों के खाते में 5.70 लाख रुपये लौटा दिए। फिर भी पूरी रकम लौटाने को लेकर पंचायत चलती रही। गाजीपुर के युवक को अगवा करने की शिकायत पर पुलिस दुर्गागंज बाजार पहुंची और दोनों पक्षों को थाने उठा लाई। जहां उनसे पूछताछ की जा रही है।
रानीगंज थाना क्षेत्र के दुर्गागंज बाजार निवासी राजेंद्र प्रसाद पटेल ने रेल विभाग में लोको पायलट की नौकरी के लिए गाजीपुर के खजुरिया निवासी तपन सिंह से संपर्क साधा था। तपन सिंह ग्रेटर नोएडा में रहता है और खुद को रेल विभाग के एक बड़े अफसर का करीबी बताता है। बातचीत आगे बढ़ी तो राजेंद्र ने अपने करीबियों को भी जानकारी दी। दिसंबर 2018 में करीब 12 लोगों ने तपन को एक-एक लाख रुपये एडवांस के रूप में दे दिए। ताकि सभी को नौकरी मिल सके। तपन आज-कल कर रहा था। राजेंद्र के ऊपर दूसरे लोगों का भी दबाव पड़ रहा था। शुक्रवार को तपन ने राजेंद्र को बताया कि ज्वाइनिंग लेटर व शैक्षिक प्रमाण पत्र लोेकर उसका भाई कुंदन सिंह जा रहा है। वह फतनपुर व मुंगराबादशाहपुर की सीमा पर मिलेगा। तय समय पर कुंदन पहुंचा। उसने राजेंद्र के हाथ में 12 लोगों का ज्वाइनिंग लेटर व शैक्षिक प्रमाण पत्र थमाया। ज्वाइनिंग लेटर को जब रेल विभाग की वेबसाइट पर चेक किया गया तो वह फर्जी निकला। इसके बाद राजेंद्र अपने साथियों के सहयोग से कुंदन को लेकर अपने घर चला आया। वहां रुपये लौटाने के लिए लोग उस पर दबाव डालने लगे। इसकी जानकारी होने पर तपन ने कुछ लोगों के खाते में 5.70 लाख रुपये लौटाए। इसके बाद भी पूरी रकम मिलने के बाद ही कुंदन को छोडने की जिद पर राजेंद्र अड़ा था। इस बीच कुंदन के घरवालों ने एसपी से उसके अपहरण की शिकायत कर दी। इस पर सीओ रानीगंज दुर्गागंज बाजार पहुंचे। पूछताछ के बाद तपन व राजेंद्र को थाने ले आए। जहां उनसे पूछताछ की जा रही है। सीओ रानीगंज ने बताया निक रेलवे में लोको पायलट की नौकरी दिलाने के नाम पर जालसाज ने रुपये ऐंठे हैं। अभी पूछताछ चल रही है। 12 लोगों से एडवांस के रूप में 12 लाख रुपये लेने की बात सामने आई है।
फतनपुर पुलिस ने काट लिया था कन्नी
शुक्रवार को फर्जी ज्वाइनिंग लेटर लेकर पहुंचे तपन के भाई कुंदन से लोग उलझ गए थे। सूचना पर फतनपुर पुलिस पहुंची, लेकिन मामला समझने के बाद पंचायत से निपटाने की हिदायत देकर आगे बढ़ गई।