कार ने बाइक में मारी टक्कर, युवक की मौत, पत्नी घायल
महेवाघाट कोतवाली क्षेत्र के हिनौता गांव के समीप रविवार शाम हुआ हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
मंझनपुर। महेवाघाट कोतवाली क्षेत्र के हिनौता गांव के समीप रविवार शाम एक बेकाबू कार की टक्कर से बाइक सवार दंपती घायल हो गए। प्रयागराज के एक निजी अस्पताल में युवक की मौत हो गई। जबकि पत्नी की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
हिनौता निवासी रामबदल कोरी (39) खेती करके परिवार का खर्च चलाता था। उसकी ससुराल चित्रकूट जिले के राजापुर कस्बे में है। रक्षाबंधन का पर्व होने की वजह से रविवार शाम रामबदल पत्नी मनोरमा को लेकर ससुराज जा रहा था। गांव की मुख्य सड़क पर पहुंचते ही पीछे से आई कार ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। इससे दंपती गिरकर घायल हो गए। दुर्घटना की जानकारी पाकर मौके पर पहुंचे परिजनों ने आननफानन में निजी वाहन से घायल दंपती को मंझनपुर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से प्राथमिक इलाज के बाद हालत नाजुक देख डॉक्टर ने प्रयागराज रेफर कर दिया। वहां प्राइवेट अस्पताल में रामबदल की सांसें थम गईं। मनोरमा की हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है।