नाम वापसी के बाद बुधवार को फूलपुर विधानसभा उपचुनाव में प्रत्याशियों के नाम तय हो जाएंगे। इसी के साथ उन्हें चुनाव चिह्न भी आवंटित हो जाएगा। इसके बाद चुनाव प्रचार में तेजी की बात कही जा रही है।
नामांकन पत्रों की जांच के बाद कुल 12 प्रत्याशी मैदान में बचे हैं। बुधवार दिन में तीन बजे तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। मंगलवार को किसी ने नाम वापस नहीं लिया। बुधवार को दिन में तीन बजे नाम वापसी की अवधि समाप्त होने के बाद शेष बचे प्रत्याशियों को चुनाव चिह्न आवंटित कर दिए जाएंगे।
प्रेक्षक से मिलकर कर सकते हैं चुनाव में खर्च संबंधी शिकायत
प्रयागराज। फूलपुर विधानसभा उपचुनाव में प्रत्याशी या अन्य लोग खर्च संबंधी शिकायतें निर्वाचन आयोग के व्यय प्रेक्षक से सीधे कर सकते हैं। सर्किट हाउस में मिलकर या उनके मोबाइल पर शिकायत की जा सकती है।
व्यय प्रेक्षक अजय ई-यूकेई ने मंगलवार को प्रत्याशियों संग बैठक कर चुनाव में खर्च संबंधी जानकारी दी। प्रेक्षक ने बताया कि प्रत्याशी या अन्य लोग सर्किट हाउस में सुबह 10 से 11.59 बजे के बीच मुलाकात कर शिकायत कर सकते हैं। उनके मोबाइल नंबर 9118750278 पर भी शिकायत की जा सकती है।
प्रत्याशियों को बताया गया कि चुनावी खर्च के लिए अलग बैंक खाता खुलवाना होगा। चार, आठ 11 नवंबर को चुनावी खर्च का ब्योरा देना होगा। इसकी प्रक्रिया तथा इस बाबत तैयार होने वाले रजिस्टर के बारे में भी जानकारी दी गई।
अफसरों ने बताया कि चुनाव में प्रत्याशी अधिकतम 40 लाख रुपये खर्च कर सकते हैं। 10 हजार रुपये से अधिक नकद खर्च नहीं कर सकेंगे। प्रत्याशियों को चुनाव में खर्च संबंधी अन्य जानकारी भी दी गई। बैठक में मुख्य कोषाधिकारी एवं नोडल अधिकारी निर्वाचन व्यय अनुवीक्षण प्रत्यूष कुमार, सहायक नोडल अधिकारी मधूलिका सिंह, मदन लाल, तेज बहादुर सिंह, रजनीकांत आदि मौजूद रहे।
मतदाता बनने के लिए भरवाए गए फार्म
प्रयागराज। मतदाता सूची पुनरीक्षण तथा 18 वर्ष से अधिक आयु के लोगों को वोटर बनाने के लिए अभियान मंगलवार को शुरू हुआ। केपी इंटर कॉलेज में एडीएम प्रशासन पूजा मिश्रा ने कार्यक्रम की शुरुआत की। इस मौके पर छात्राओं को मतदाता बनने के लिए फार्म भी वितरित किए गए। केपी, जगत तारन तथा राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की छात्राओं ने नाटक, नृत्य के माध्यम से लोगों को मतदान के महत्व बताए। इस मौके पर सह जिला विद्यालय निरीक्षक लालबाबू मौर्य, बीएस यादव, प्रधानाचार्य डॉ.योगेंद्र सिंह, डॉ.प्रभाकर त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।