कानपुर में हुई मुठभेड़ में आठ पुलिसकर्मियों के शहीद होने के बाद प्रदेश भर में माफिया के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इसी के तहत रविवार को एडीजी ने जोन में चिह्नित माफिया के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। कहा कि जमानत निरस्त कराने के साथ ही उनके शस्त्र लाइसेंस निरस्त कराने के साथ ही अपराधियों पर अन्य कार्रवाई भी की जाए।
गूगल मीट के तहत आयोजित समीक्षा बैठक में एडीजी जोन प्रेमप्रकाश ने मातहतों को इस संबंध मं दिशा निर्देश दिए। कहा कि अगले तीन दिनों तक विशेष अभियान चलाया जाए। उन्होंने प्रत्येक थानों के टॉप 10 अपराधियों की स्थिति के बारे में जानकारी ली। साथ ही हिस्ट्रीशीटर, माफिया, सक्रिय गिरोहों पर कार्रवाई के निर्देश दिए।
पुरस्कार घोषित अपराधियों के लिए टीम बनाकर उनकी गिरफ्तारी को कहा गया। साथ ही कहा कि अभियान के दौरान हुई कार्रवाई की रिपोर्ट तीन दिन के बाद उन्हें प्रेषित की जाए। वेबिनार में दोनों रेंज के आईजी, सभी आठ जनपदों के एसएसपी व एसपी, सीओ व थानेदार शामिल हुए।