इलाहाबाद (ब्यूरो)। राहुल राजपाल के बहुमुखी खेल (80 रन, 11 चौके, तीन छक्के) की बदौलत भवम भवम स्पोर्ट्स अकादमी ने हैंगआउट को 48 रन से हराकर प्रथम विद्याभूषण मिश्र (गामा गुरु) अंडर-16 क्रिकेट प्रतियोगिता जीत ली। लक्ष्मीपुरम फाफामऊ स्थित मैदान पर शनिवार को हुए खिताबी मुकाबले में भवम स्पोर्ट्स अकादमी ने 25 ओवर में 196 रन (राहुल राजपाल 80, कार्तिकेय 30, अमित 21, सचिन 3/24, सलमान 2/32, मुदस्सिर 2/46) बनाकर हैंगआउट को 24 ओवर में 148 रन (देवाशीष 40, मुदस्सिर 20, आशु 3/25, कार्तिकेय 3/28) पर समेट दिया। मुख्य अतिथि ब्लाक सोरांव राजेश मिश्र ने दोनों टीमों को ट्राफी दी। आरबी राज ने विशेष पुरस्कार दिए। राहुल राजपाल को बेस्ट बैट्समैन, फाफामऊ क्लब के मो. उस्मान बेस्ट बालर, और मुदस्सिर खान को मैन आफ दि टूर्नामेंट चुना गया। आयोजन सचिव गौरव पाठक ने धन्यवाद ज्ञापन एवं गुरु यादव ने कार्यक्रम का संचालन किया।
रणधीर यादव की उम्दा गेंदबाजी (4/24) के सहारे विष्णु भगवान पब्लिक स्कूल ने त्रिवेणीपुरम स्पोर्ट्स क्लब को छह विकेट से हराकर परम अकादमी टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता में पूरे अंक प्राप्त किए। ईश्वर शरण इंटर कालेज मैदान पर शनिवार को त्रिवेणीपुरम स्पोर्ट्स क्लब को 18.3 ओवर में 99 रन (राकेश यादव 26, अनुराग 23, रणधीर यादव 4/24, कपिल 2/14, राजन 2/18) पर समेटकर वीबीपीएस ने 13.3 ओवर में 4 विकेट पर 104 रन (रजस 26, प्रवीन 25, आर्यन 22 नाबाद, सिफान 3/32) बना लिए।
जिला बॉक्सिंग एसोसिएशन की ओर से वाराणसी में होने वाली सब जूनियर बालिका बॉक्सिंग प्रतियोगिता के लिए खिलाड़ियों का चयन किया जाना है। इसके लिए 10 अगस्त को मदन मोहन मालवीय स्टेडियम में ट्रायल का आयोजन किया गया है। एसोसिएशन के सचिव भारत भूषण वार्ष्णेय ने बताया कि ट्रायल चार बजे होगा।
जिला फुटबाल संघ की ओर से खेली जा रही फुटबाल प्रतियोगिता में शनिवार को कादिर फुटबाल क्लब और सच्चाबाबा फुटबाल क्लब के बीच मुकाबला बराबरी पर छूटा। दोनों ही टीमें दोनों हॉफ में एक-एक गोल कर सकीं।
वशिष्ठ वात्सल्य पब्लिक स्कूल में आयोजित टेबल टेनिस प्रतियोगिता में नगर उत्तरी एवं दक्षिणी बालक, बालिकाओं की टीम चयनित की गई। नगर उत्तरी में अंडर-14 वर्ग में सुजल, इमरान, उज्जवल, सक्षम, उत्कर्ष, अंडर-17 में उज्जवल, सुब्रतो, अमन, अंडर-19 में अशफाक, सूरज, ऋषभ, रितिक, बालिका अंडर-14 अंबिका, शुभकामना, वैष्णवी, अंडर-17 में सिमरन, शिबा, सानवी, अंडर-19 में पूजा, काव्या, शिवानी, तसलीम, सिन्जा, नगर दक्षिणी में बालिका अंडर-14 में सृष्टि, निष्ठा, जया, उपासना, अंडर-17 में तान्या, अंडर-19 में शिवानी का नाम शामिल है।
वाईएमसीए सेंटेनरी स्कूल एंड कॉलेज में आयोजित अंतर्वगीय फुटबाल प्रतियोगिता मेें रविवार को ब्लू हाउस ने रेड हाउस को एक के मुकाबले दो गोल से मात देकर खिताब पर कब्जा जमा लिया। गोल्ड हाउस ने तीसरा स्थान हासिल किया। संस्थान के डायरेक्टर बीटी मसीह डॉ. सरला मसीह, प्रधानाचार्य रीमा मसीह, डॉ. भाष्कर शुक्ला आदि ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर का खिताब ब्लू हाउस के सार्थक श्रीवास्तव को, सर्वश्रेष्ठ क्षेत्ररक्षक का प्रखर खरे, सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का रेड हाउस के तेजस प्रताप को, उभरता सितारा का खिताब मो. तौसिन रजा खान को दिया गया।