बरौत (प्रयागराज)। हंडिया थाना क्षेत्र के सदरेपुर गांव में बुधवार की दोपहर एक बेटे ने 75 साल के बुजुर्ग अपने पिता पंचम मौर्या को मौत के घाट उतार दिया। आरोपी युवक रंग बहादुर मानसिक रूप से अस्वस्थ बताया गया है। वह अक्सर लोगों से लड़ता झगड़ता रहता था। दोपहर में वह बुजुर्ग पिता पर टूट पड़ा। उसने पिता के गले में कई प्रहार कर सिर धड़ से अलग कर दिया। दिल दहला देने वाली इस घटना में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
सदरेपुर गांव निवासी पंचम मौर्या (75) का बेटा रंग बहादुर मौर्या मानसिक रूप से अस्वस्थ चल रहा था। उसका उपचार चल रहा था। हाइपरटेंशन में वह अक्सर लोगों से झगड़ा करने लगता था। बुधवार की दोपहर वह न जाने किस बात पर अपने पिता पंचम से झगड़ा करने लगा। चूंकि रंग बहादुर झगड़ालू किस्म का था, इस कारण किसी ने ध्यान नहीं दिया। धीरे-धीरे बात बढ़ती गई। उसने धारदार हथियार से पंचम के गले में प्रहार किया तो गले से खून का फव्वारा फूट पड़ा। पंचम चीख मारकर गिर पड़े। इसके बाद रंग बहादुर ने एक के बाद एक कई वार अपने पिता की गर्दन पर कर सिर को धड़ से अलग कर दिया। आसपास के लोग दौड़े, लेकिन उसकी मानसिक हालत को देखते हुए कोई भी उसके पास जाने की हिम्मत नहीं जुटा पाया। जब उसने धारदार हथियार फेंक दिया तब लोगों ने उसे पकड़ लिया और पिटाई शुरू कर दी।
पंचम की पत्नी, छोटी बेटी और छोटा बेटा दिव्यांग हैं। छोटा बेटा तो घर पर नहीं था लेकिन पत्नी और छोटी बेटी सब देखती रह गईं और कुछ कर नहीं पाई। पंचम की सिर कटी लाश देखकर दोनों छाती पीटकर रोती रहीं। सूचना पर छोटा बेटा तेज बहादुर पहुंच गया। पुलिस को भी बुला लिया गया। उसने तहरीर दी कि बड़े भाई रंग बहादुर की मानसिक हालत ठीक नहीं है। उसने पिता की गला रेतकर हत्या कर दी। मौके पर उपजिलाधिकारी हंडिया, क्षेत्राधिकारी हंडिया संतोष सिंह व कोतवाल हंडिया बृजेश सिंह सहित भारी पुलिस फोर्स पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। इंस्पेक्टर ने बताया कि आरोपी युुवक को पकड़ लिया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है, लेकिन वह ऊटपटांग जवाब दे रहा था।