माफिया पर कार्रवाई के क्रम में जिला पुलिस की ओर से चलाए जा रहे अभियान के तहत अब अतीक अहमद की अवैध रूप से बनी संपत्तियों की जांच प्रयागराज विकास प्राधिकरण से कराई जाएगी। इसमें नक्शा व अन्य नियमों का उल्लंघन पाया गया तो इन संपत्तियों के ध्वस्तीकरण की भी कार्रवाई होगी। पुलिस इसके लिए जिला प्रशासन के माध्यम से पीडीए को पत्र भेजेगी।
अतीक अहमद और उसके गुर्गों के खिलाफ पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसके तहत अपराध के जरिए अर्जित की गई संपत्तियों के जब्तीकरण के लिए भी अभियान चलाया जा रहा है। इस क्रम में अब तक कुल 20 संपत्तियों को चिह्नित किया जा चुका है, जिनमें से हाल ही में सात संपत्तियों को डीएम की अनुमति मिलने पर कुर्क किया गया।
इनमें धूमनगंज खुल्दाबाद व सिविल लाइंस स्थित भवन शामिल हैं। जिन 13 संपत्तियों पर कार्रवाई के लिए डीएम की अनुमति का इंतजार है, उनमें शहर के अलग-अलग इलाकों में स्थित कई मकान है तो कुछ बेशकीमती जमीनें भी हैं जो धूमनगंज, कौशांबी व झूंसी में स्थित है। कार्रवाई के क्रम में अब उन मकानों के ध्वस्तीकरण की भी कार्रवाई की तैयारी है, जिनका निर्माण अवैध रूप से किया गया। सूत्रों का कहना है कि इसके लिए इन मकानों की जांच विकास प्राधिकरण से कराने की तैयारी है।
- अतीक अहमद की अवैध रूप से अर्जित की गई जिन संपत्तियों के जब्तीकरण की कार्रवाई के लिए डीएम को पत्र भेजा गया है, उनकी जांच के लिए जिला प्रशासन के माध्यम से विकास प्राधिकरण को भी पत्र भेजा जा रहा है। नियमों को ताक पर रखकर निर्माण का होना पाया गया, तो ध्वस्तीकरण की भी कार्रवाई कराई जाएगी। अभिषेक दीक्षित, एसएसपी