जंघई रेल मार्ग पर बनकट मेदपुर मार्ग के पास रेलवे ट्रैक पर मृत मवेशी पड़ा होने की वजह से बुधवार सुबह एजे पैसेंजर ट्रेन जैसे ही वहां पहुंची, मवेशी का शव इंजन के स्लीपर पाइप में फंस गया और प्रेशर वैक्यूम पाइप तेज आवाज के साथ फट गई। जिससे दुर्घटना होते-होते बची। इस घटना के बाद करीब आधे घंटे तक ट्रेन वहीं रुकी रही।
जौनपुर-जंघई रेलवे रूट पर मंगलवार रात किसी ट्रेन से कटकर एक सांड़ की मौत हो गई थी। जानकारी के बाद भी रेलवे के अधिकारी एवं कर्मचारियों द्वारा इस कदर लापरवाही बरती गई कि रेलवे ट्रैक से मृत मवेशी का शव नहीं हटाया गया और शव ट्रैक पर ही पड़ा रहा। बुधवार सुबह जौनपुर से चलकर प्रयाग घाट जाने वाली एजे पैसेंजर ट्रेन जैसे ही वहां पहुंची तो मृत मवेशी का शव रेल इंजन के स्लीपर पाइप में फंस गया। जिससे इंजन और बोगी संपर्क के बीच प्रेशर वैक्यूम पाइप तेज आवाज के साथ फट गई। ऐसे में एजे पैसेंजर ट्रेन तेज झटके के साथ अचानक रुक गई। जिससे ट्रेन में सवार यात्रियों के होश उड़ गए।
किसी अनहोनी की आशंका से परेशान यात्री ट्रेन से बाहर निकले और ट्रेन चालक के पास पहुंचे तो सारी जानकारी प्राप्त की। ट्रेन चालक ने यात्रियों के सहयोग से इंजन में फंसे मृतक सांड़ को किसी तरह भारी मशक्कत के बाद बाहर निकाला और ट्रेन को आगे के लिए रवाना किया। फिलहाल इस घटना की वजह से जहां करीब आधे घंटे तक बीच रास्ते में ट्रेन रुकी रही वहीं ट्रेन में सवार यात्रियों में हड़कंप मचा रहा। इस इस संबंध में स्टेशन अधीक्षक जंघई शिव कुमार यादव ने बताया कि रात में कोई मवेशी कट गया था। जिसके कारण सुबह एजे पैसेजर कुछ देर रुकी थी। साढ़े नौ बजे तक ट्रैक साफ कराकर ट्रेन को रवाना किया गया।