पूरामुफ्ती में 10 दिन पहले रेलवे ट्रैक के बगल में मृत मिलीं संगीता शर्मा के परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। उन्होंने शनिवार को सीओ सिविल लाइंस को शिकायती पत्र सौंपा। पुलिस का कहना है कि जांच पड़ताल की जा रही है। बम्हरौली के झपिया में रहने वाली संगीता (40) पत्नी विजय शर्मा सात सितंबर को घर से कुछ दूर पर स्थित रेलवे ट्रैक के बगल मृत पड़ी मिली थी। वह मूल रूप से छपरा, बिहार की रहने वाली थी और उनकी शादी 2002 में हुई थी। मौका मुआयना के बाद पुलिस का मानना था कि ट्रेन की टक्कर से उनकी मौत हुई। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया था।
शनिवार को मृतका के भाई एयरफोर्स कर्मी त्रिलोकीनाथ शर्मा और मुकेश शर्मा ने सिविल लाइंस सीओ दफ्तर पहुंचकर बहन की हत्या की आशंका जताई। कहा कि उनकी बहन पिछले 18 साल से वहां रह रही थी। दिन में 11 से 12 बजे के बीच की घटना बताई गई। उन्हें शक है कि उसकी हत्या कर इसे दुर्घटना का रूप देने के लिए शव रेलवे ट्रैक के बगल फेंक दिया गया। उन्होंने बताया कि सीओ ने जांच कर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।
उधर, इस मामले में पूरामुफ्ती एसओ उपेंद्र प्रताप सिंह का कहना है कि घटनास्थल बम्हरौली एयरफोर्स स्टेशन के गेट नंबर 15 के ठीक सामने है। वहां मौजूद गार्ड के अलावा स्टेशन मास्टर ने भी पुलिस को फोन से सूचित किया था कि एक महिला की ट्रेन के इंजन की टक्कर से मौत हो गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर में लगी चोट की वजह से मौत होने की बात सामने आई है।