वाराणसी में बरामद हुआ हैंड ग्रेनेड
- फोटो : ब्यूरो/ अमर उजाला, वाराणसी
मुट्ठीगंज के मालवीय नगर में बीए के छात्र पर सरेआम जानलेवा हमला किया गया। दो दिन पहले हुए विवाद की रंजिश में उस पर बम फेंका गया। जिसमें छर्रे लगने से वह जख्मी हो गया। घायल की तहरीर पर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि उनकी तलाश की जा रही है।
मुट्ठीगंज के मालवीय नगर में रहने वाले ज्ञानबाबू शर्मा यजमानी करते हैं। उनका बेटा सक्षम(24) राज्य विश्विद्यालय से बीए द्वितीय वर्ष की पढ़ाई कर रहा है। उसका आरोप है कि रविवार रात 10.30 बजे के करीब वह कल्याणी देवी मोहल्ले से घर लौट रहा था। अभी वह मोहल्ले में स्थित गणेश मंदिर के पास ही था कि तभी कुछ लोगों ने उस पर बम से हमला किया। उसकी मानें तो एक घर के बारजे पर खड़े होकर बदमाशों ने उस पर बम के साथ ही शराब की बोतलें फेंकी। जिसमें बम के छर्रे उसके पैर व सीने में लगे और वह जख्मी हो गया। शोरगुल सुनकर आसपास के लोग दौड़े तो हमलावर भाग निकले। जिसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पूछताछ में घायल छात्र ने बताया कि हमलावरों में मोहल्ले का ही आशुतोष व आयुष यादव और गुड़मंडी निवासी सागर व शिवम वर्मा शामिल थे। बताया कि दो दिन पहले भी आरोपियों ने उसे व उसके दोस्त को पीटा था। इसी रंजिश में फिर उस पर हमला किया गया। मुट्ठीगंज पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास के आरोप में नामजद रिपोर्ट दर्ज की गई है। उनकी तलाश की जा रही है।