मंगलवार को बुजुर्ग पिता का प्रयागराज से इलाज कराकर घर लौट रहे मोटरसाइकिल सवार को घूरपुर क्षेत्र में इरादतगंज फ्लाईओवर पर पीछे से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो ने जोरदार टक्कर मार दी। जिसमें पिता पुत्र दोनों घायल हो गए। अस्पताल ले जाते समय बुजुर्ग की मौत हो गई। घूरपुर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया ।
चित्रकूट जनपद के बरगढ़थानांतर्गत नेवादा गांव निवासी रामप्रसाद अपने पिता बुद्धिराम (65) का इलाज कराने प्रयागराज गए थे। डाक्टर को दिखाने के बाद पिता-पुत्र दोनों एक ही मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। वे जैसे ही इरादतगंज ओवर ब्रिज पर पहुंचे पीछे से आ रही बोलेरो ने जोरदार टक्कर मार दी। बोलेरो की टक्कर से उनकी मोटरसाइकिल डिवाइडर से टकरा गई।
जोरदार टक्कर से बुजुर्ग का सिर फट गया। राम प्रसाद को भी चोटें आई। मोटरसाइकिल में टक्कर मारने के बाद बोलेरो सवार फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले गई। अस्पताल पहुंचते-पहुंचते बुद्धिराम की मौत हो गई। उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। दूसरी तरफ बुजुर्ग के मौत की सूचना घर पहुंची तो कोहराम मच गया।
समय पर पहुंचती एम्बुलेंस तो बच जाती बुजुर्ग की जान
दुर्घटना के तुरंत बाद घटनास्थल पर पहुंचे लोगों ने 108 नंबर एंबुलेंस को तुरंत सूचना दी। इसके अलावा 112 नंबर को पुलिस को भी सूचना दी गई। घटना के करीब आधे घंटे बाद पहुंची पुलिस ने भी बार-बार एंबुलेंस को सूचना दिया, बावजूद उसके घटनास्थल पर एंबुलेंस पहुंचने में लगभग एक घंटे लग गए। लोगों का कहना है कि अगर समय से एंबुलेंस पहुंच जाती तो बुजुर्ग की जान बच सकती थी।