स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के महेंद्र गांव में सोमवार शाम महज 30 हजार के बीमे की रकम को लेकर दो गुटों के बीच जमकर मारपीट हुई। इसमें दोनों पक्षों के छह लोग घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान अभिकर्ता की मां संतोषी देवी व पड़ोसी चौबेलाल की मौत हो गई। गांव में तनाव के मद्देनजर गांव में पुलिस तैनात कर दी गई है। मामले में दोनों पक्ष की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है।
महेंद्र गांव निवासी रामलखन का बेटा मनीष एक निजी कंपनी में बीमा अभिकर्ता है। उसने पड़ोसी बोमी के पुत्र चौबेलाल का पिछले वर्ष 30 हजार में जीवन बीमा किया था। लेकिन बीते दिनों बीमा कंपनी ग्राहकों के पैसे लेकर फरार हो गई। चौबेलाल ने मनीष से अपने 30,000 रुपये वापस मांगे। मनीष ने रकम का कुछ हिस्सा देने के लिए चौबेलाल को कहा था।
सोमवार शाम जब चौबेलाल रुपये लेने के लिए मनीष के घर पहुंचा तो दोनों में कहासुनी हो गई। देखते ही देखते दोनों तरफ से लाठी-डंडे निकल आए। इस दौरान मनीष की मां संतोषी देवी और दूसरे पक्ष के चौबेलाल के सिर पर हमला कर दिया गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा। जहां पर चिकित्सकों ने संतोषी देवी को मृत घोषित कर दिया, जबकि कुछ देर बाद चौबेलाल की भी मौत हो गई। मारपीट में चौबेलाल के पक्ष की ओर से शिवमोहन की पुत्री सीमा देवी तथा बरुवा निवासी रिश्तेदार हरिश्चंद्र को चोटें आई है। वहीं संतोषी देवी के पक्ष से उसके पति राम लखन और बेटे मनीष को चोटें आई है। चारों घायलों का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है।