BJP officials clash with Uma Bharti after leaving
- फोटो : CITY DESK
उमा भारती के जाने के बाद आपस में भिड़े भाजपा पदाधिकारी
0 फूलपुर में भूमि संबंधी विवाद को लेकर काशी प्रांत महामंत्री और महिला अध्यक्ष आई आमने सामने
प्रयागराज। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय एकता अभियान ‘एक राष्ट्र एक संविधान’ कार्यक्रम के संपन्न होने के बाद पार्टी के दो वरिष्ठ पदाधिकारी बृहस्पतिवार को आपस में ही भिड़ गए। मेडिकल कालेज परिसर में भाजपा काशी प्रांत के महामंत्री अमर नाथ यादव और गंगापार की महिला अध्यक्ष सौम्या पांडेय की भिड़ंत से हर कोई सकते में आ गया। दोनों को बड़ी मुश्किल से ही शांत किया गया। उधर भाजपा पदाधिकारियों ने दोनों नेताओं की भिड़ंत को अनुशासन हीनता माना है।
बताया जा रहा है कि फूलपुर रेलवे स्टेशन के सामने भाजपा गंगापार की महिला अध्यक्ष का प्लॉट है। उसी प्लॉट को लेकर काशी प्रांत महामंत्री और उनमें अनबन है। उसी संबंध में दोनों नेताओं के बीच बृहस्पतिवार को बहस हुई। सौम्या का आरोप है कि काशी प्रांत महामंत्री बेवजह उनके प्लॉट के मामले में कूदे है। जबकि मामला उनके और रेलवे के बीच का है। वहीं काशी प्रांत महामंत्री अमरनाथ यादव का कहना है कि संबंधित भूमि को लेकर उनका कुछ भी लेना देना नहीं है। इस बीच सौम्या के पति विपिन मिश्र से भी उनकी धक्का मुक्की हुई। हालांकि बाद में किसी तरह से मामला शांत हुआ। गंगापार अध्यक्ष कन्हैया लाल पांडेय ने इसे अनुशासन हीनता माना है। कहा कि काशी प्रांत अध्यक्ष महेश चंद्र श्रीवास्तव को इस संबंध में अवगत कराएंगे। हालांकि वाकये के दौरान काशी प्रांत अध्यक्ष मेडिकल कालेज परिसर में ही मौजूद थे।