आतंकवाद के विरोध में भारतीय जनता पार्टी के नेताओं, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने रविवार को सुभाष चौराहा सिविल लाइंस में धरना दिया। इस दौरान आतंकवाद और पाकिस्तान के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। धरने के पूर्व यहां पुलवामा में शहीद हुए जवानों को श्रद्धांजलि दी गई। यह भी कहा गया कि अब उचित समय है कि जब पाकिस्तान को विश्व मानचित्र से मिटा दिया जाए। शहीदों के खून के एक-एक कतरे का हिसाब पाकिस्तान से लिया जाए।
दरअसल पुलवामा में हुए आतंकी हमले के विरोध में भाजपा की ओर से आतंकवाद के खिलाफ प्रदेश व्यापी धरने का कार्यक्रम बनाया गया। इसी कड़ी में प्रयागराज के सुभाष चौराहे पर महानगर, गंगापार एवं यमुनापार के तमाम पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता धरने पर बैठे। इस दौरान प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री डा. नरेंद्र कुमार सिंह गौर ने कहा कि पाकिस्तान का आतंकवादी चेहरा बेनकाब हुआ है। सरकार अब साहसिक कदम उठाए। यहां मेयर अभिलाषा गुप्ता ने कहा कि आतंकवादियों ने कायराना हरकत की है।
देशद्रोही और आतंकवादियों को मिटाने का यह सही समय है। इस अवसर पर विधायक विक्रमाजीत मौर्य ने कहा कि आतंकवादियों के साथ ही घर में पल रहे सांपों को भी सदा के लिए साफ कर दिया जाएगा। कार्यक्रम में पूर्व विधायक दीपक पटेल, गुरुप्रसाद मौर्य, शशि वार्ष्णेय, डा. कमला सिंह के साथ तीनों अध्यक्ष अवधेश चंद्र गुप्ता, कन्हैया लाल पांडेय, शिवदत्त पटेल, माया द्विवेदी, अरुण अग्रवाल, सुबोध सिंह, डा. एलएस ओझा, आनंद श्रीवास्तव, आशीष गुप्ता, मृत्युंजय तिवारी, देवेंद्र नाथ मिश्र, सचिन जायसवाल, विष्णु वर्मा, पवन श्रीवास्तव, विशाल अग्रवाल आदि मौजूद रहे।
व्यापारियों ने की शोकसभा, व्यापार मंडल शहीद के परिजनों को देगा एक लाख
सीआरपीएफ के शहीद जवानों की आत्मा की शांति के लिए उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारियों की एक शोकसभा रविवार को हुई। व्यापार मंडल के महामंत्री योगेश गोयल की अध्यक्षता में हुई शोक सभा में पुलवामा में हुए शहीदों के सम्मान में दो मिनट का मौन भी रखा गया। इसके बाद संगठन की ओर से बताया गया कि सोमवार को व्यापारी कैंडल मार्च निकालेंगे। जो खुसरोबाग, खुल्दाबाद सब्जी मंडी से होकर चौक नीम का पेड़ तक जाएगा। बैठक में विपुल मित्तल, मनीष गोयल, नवीन अग्रवाल, अमिताभ गौड़, रमन जैन, प्रखर, अनुज अग्रवाल आदि मौजूद रहे। उधर सिविल लाइंस व्यापार मंडल के अध्यक्ष सुशील खरबंदा ने बताया कि व्यापार मंडल की ओर से 24 फरवरी को मेजा के शहीद महेश कुमार यादव के परिजनों को एक लाख रुपये की सहयोग राशि दी जाएगी।