केपी श्रीवास्तव समेत अन्य प्रत्याशी आज करेंगे नामांकन
0 एमएलसी चुनाव के नामांकन की आज है अंतिम तिथि, अब तक बिके हैं दस नामांकन फार्म
अमर उजाला ब्यूरो
प्रयागराज। एमएलसी चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी डॉ. केपी श्रीवास्तव समेत अन्य प्रत्याशी सोमवार को अपना नामांकन करेेंगे। सोमवार 21 मार्च एमएलसी चुनाव के नामांकन की अंतिम तिथि है। इस वजह से कलक्ट्रेट परिसर में सोमवार को भीड़ उमड़ने की भी संभावना है।
भाजपा द्वारा एमएलसी प्रत्याशी के नाम का एलान शनिवार को ही किया गया था, जबकि सपा प्रत्याशी बासुदेव यादव अपना नामांकन होली के पहले ही कर चुके हैं। भाजपाइयों ने डॉ. केपी के नामांकन की तैयारियों की रूपरेखा रविवार को ही तैयार कर ली। भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, प्रधान, बीडीसी, जिला पंचायत सदस्य सोमवार की सुबह दस बजे जिला पंचायत सभागार में एकत्र होंगे। वहीं से वह कलक्ट्रेट के लिए प्रस्थान करेंगे। नामांकन में प्रयागराज, फूलपुर, कौशाम्बी के सांसद, सभी विधायक, पार्षद, जिला पंचायत अध्यक्ष, ब्लॉक प्रमुख, नगर पंचायत अध्यक्ष आदि मौजूद रहेंगे। उधर, सोमवार को होने वाले नामांकन को लेकर जिलाधिकारी संजय कुमार खत्री ने रविवार को अफसरों के साथ बात कर कलक्ट्रेट परिसर का निरीक्षण किया। दूसरी ओर बताया जा रहा है कि अब तक दस लोगों ने नामांकन फार्म खरीदा है, जबकि नामांकन अभी सिर्फ दो ने ही किया है। होली की वजह से बीते चार दिन से एक भी नामांकन नहीं हो सका है। ऐसे में उम्मीद है कि कम से कम आठ नामांकन सोमवार को हो सकते हैं। सुबह 11 बजे से दोपहर तीन बजे तक जिलाधिकारी कोर्ट से नामांकन फार्म लिए जाने के साथ, वहीं जमा किए जाने की भी व्यवस्था की गई है। मंगलवार 22 मार्च को नामांकन पत्रों की जांच होगी, जबकि नाम वापसी 24 मार्च को होगी।