फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जयंती पर विशेष : आलोचना, जुनून और जिद के संगम ने दूधनाथ सिंह को बनाया साठोत्तरी पीढ़ी का सर्वश्रेष्ठ कथाकार

Fri, 17 Oct 2025 02:23 PM IST
विनोद सिंह अमर उजाला नेटवर्क, प्रयागराज

सार

Doodh Nath Singh : उस दिन दूधनाथ सिंह का कहानीकार बनने का नशा चूर हो चुका था। कई दिनों तक बेचैन रहे। फिर उन्होंने कहानीकार बनने की चुनौती स्वीकार कर ली, जुनून पाल लिया, जिद ओढ़ लिया और साठोत्तरी पीढ़ी के सर्वश्रेष्ठ कथाकारों में शामिल हुए। कहते थे कि आजकल लोग अपने खिलाफ आलोचनाओं को बुरा मान जाते हैं, जबकि आलोचना लेखक की मजाई करने का काम करती है। जाने माने साहित्यकार रविनंदन सिंह ने दूधनाथ सिंह की जयंती पर उनके जीवन संघर्षों पर प्रकाश डाला और उनके साथ बिताए गए यादगार पलों को साझा किया। 
विज्ञापन
साहित्यकार दूधनाथ सिंह और रविनंदन सिंह। फाइल फोटो - फोटो : अमर उजाला।
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

एक बार कथाकार एवं आलोचक दूधनाथ सिंह ने हिंदुस्तानी एकेडेमी की एक बैठकी में बातचीत के क्रम में बताया था कि जब उनकी पहली कहानी पर परिचर्चा आयोजित की गयी थी, तब भैरव प्रसाद गुप्त, मार्कंडेय, नरेश मेहता, रघुवंश, अमृतराय जैसे दिग्गज मंच पर विराजमान थे। उस दिन सरेआम दूधनाथ सिंह की कहानियों की धज्जियां उड़ाई गईं। सलाह दिया गया कि वे कहानी लिखना छोड़कर बेहतर होगा कि आलोचना में ही हाथ आजमाएं और कविताएं ही लिखें। उस दिन दूधनाथ सिंह का कहानीकार बनने का नशा चूर हो चुका था। कई दिनों तक बेचैन रहे। फिर उन्होंने कहानीकार बनने की चुनौती स्वीकार कर ली, जुनून पाल लिया, जिद ओढ़ लिया और साठोत्तरी पीढ़ी के सर्वश्रेष्ठ कथाकारों में शामिल हुए। कहते थे कि आजकल लोग अपने खिलाफ आलोचनाओं को बुरा मान जाते हैं, जबकि आलोचना लेखक की मजाई करने का काम करती है।

विज्ञापन


साहित्यिक जमात पर की कड़ी टिप्पणी

इलाहाबाद के साहित्यिक जमात के बारे में उनकी एक खौलती हुई टिप्पणी है कि–“अजब दस्तूर है इस शहर का ! तंगहाली और जलालत के भीतर हंसते हुए हमेशा यहां के लोग एक दूसरे की जड़ में मट्ठा डालने को तैयार रहते हैं। आपने ज्योंही थोड़ा खाद-पानी ग्रहण किया, हरियाने को हुए कि तुरंत एक आदमी आपकी जड़ के आसपास की मिट्टी खुरपिया कर आपकी जड़ों में झांकझूक करेगा और पहला अवसर मिलते ही अपनी बुद्धि की चुटैया खोलकर थोड़ा मट्ठा डालकर, ढांकढूंक कर चलता बनेगा। फिर एक आंख से देखता रहेगा कि बावजूद मट्ठे के आपमें हरियाने की ताकत बची है या नहीं। अगर उसके बावजूद आप हरियाते चले जा रहे हैं तो आप में दम है, वरना अपना डेरा-डंडा उठाइए और चलते बनिये।

इलाहाबाद आदिवासी मुसहर प्रजाति के रचनाकारों का शहर है। कीचड़ और दलदल में सोंटा गड़ा-गड़ा कर ये मुसहर आपको खींचकर बाहर निकाल लेते हैं। अगर आप ज़्यादा फन काढ़ रहे हैं और हंसने को आकुल-व्याकुल हैं तो खट्-से इलाहाबादी मुसहर एक पत्थर की पटिया निकालेगा। आपका फन और ज़हर घिसकर आपको कंधे पर डाल लेगा और चलता बनेगा। उसके बाद भी अगर आप उसे डंसने की ताकत रखते हैं तो वह कन्धे से उतारकर आपको स्थापित करेगा और कहेगा, 'हे नाग देवता ! मेरा गदगद प्रणाम, कृपया, ग्रहण करें।'
विज्ञापन


फन घिसने में माहिर इस शहर के पुराने लेखक आपको रगड़-रगड़कर चमकाते भी हैं। और आपकी दिव्य कांति पर गर्व भी करते हैं। यह इस बंजारा-बिरादरी का रहन-सहन है। यह एक खास किस्म की निजी, बौद्धिक ज्योति से आपको आलोकित करने का वह ढंग है जिससे आप, सिर्फ आप ही जैसे लगें। और आपकी तरह कभी कोई दूसरा न लगे। मौलिकता का यही संस्कार पाना और देना इस नगर के मुसहरों का धर्म है- एक साहित्यिक धर्म, एक कलात्मक संस्कार से पवित्र करने का अद्भुत अनुष्ठान, जो जाने-अनजाने ही यहां घटित होता रहता है। अगर आप इसमें असफल हुए तो 'निचली तहों' में डाल दिए जाते हैं। या फिर किसी दूसरे शहर में ठिकाना कीजिए और सिरमौर बन जाइए। (संदर्भ –’लौट आ, ओ धार’ , दूधनाथ सिंह, राधाकृष्ण प्रकाशन, द्वितीय संस्करण 1997, पृष्ठ 99)

Trending Videos

एक बार आए इलाहाबाद और फिर यहीं के हो गए

दूधनाथ सिंह 1956 में इलाहाबाद आए और आजीवन यहीं के होकर रह गए। 1958 में इलाहाबाद विश्वविद्यालय से एम.ए. करने के बाद दूधनाथ सिंह नौकरी के लिए भटकने लगे। 1960-62 में कलकत्ता में अध्यापन किया किंतु चस्का तो इलाहाबाद का लग चुका था। अतः कोलकाता छोड़कर चले आए। लिखने-पढ़ने का एक नशा बुरी तरह लग चुका था। गोष्ठियां, साहित्यिक उठापटकें, गप्पें, काफी हाउसिंग, यह सब उनकी आजीविका के रास्ते के रोड़े थे और दूधनाथ सिंह अपनी बर्बादी में खुशी-खुशी शरीक थे। वे खुद कहते कि वे अपनी विनाशलीला के बादशाह थे। घर के लोग निराश हो चुके थे। इनके सभी छोटे भाई खेतीबाड़ी या पुलिस की नौकरी में लग चुके थे। दूधनाथ जी स्वयं कहते थे कि मुझसे घरवालों को सबसे ज्यादा आशा थी, मुझ पर परिवार द्वारा बहुत पैसा बर्बाद किया गया। पहले लोग मेरी नजीर देते थे किन्तु उन लोगों की नज़र में अब मैं आवारा निकल चुका था। अब मुझ पर बड़ी नौकरी का नहीं बल्कि लेखक बनने की झक सवार थी।

कभी रहने के लिए नहीं थी कोई जगह

एक समय ऐसा भी था जब उनके पास रहने की कोई जगह नहीं थी। किराया न दे पाने के कारण कई बार उन्हें अपनी बाल्टी, लोटा, बिस्तर और किताबें छोड़कर भागना पड़ा। इलाहाबाद में पुरुषोत्तम नगर, मुट्ठीगंज, चैथम लाइन, लीडर प्रेस कंपाउंड आदि कई ठिकाने बदलने पड़े। यह उनकी भुखमरी के दिन थे। उन्होंने एक जगह लिखा है कि 'मैं लगभग बेपर्द और निहंग हो गया था, एक ऐसे भिखारी की तरह जिसके पास अपने लुगड़े भी नहीं बचे थे। ...मेरा आत्मसम्मान भी नहीं बचा था।' इन स्थितियों वे कई दिन रेलवे स्टेशन के हाल के एक कोने में सोते थे। उनकी इस हालत पर दया करके भारती भंडार के मालिक वाचस्पति पाठक ने अपने घर का एक कमरा दूधनाथ सिंह को दिया था। एक अवस्था वह भी आयी जब साथ में पत्नी और दो बच्चे हो गए और दूधनाथ सिंह के पास कोई काम नहीं था।
 
जिस दिन दूधनाथ सिंह की पहली किताब 'अपनी शताब्दी के नाम' की लेखकीय प्रतियों का बंडल ज्ञानपीठ से प्रकाशित होकर उन्हें मिला तो उस दिन सुबह से घर में खाने को कुछ नहीं था और उस समय वे अपने बेटे को चीनी-पानी पिला रहे थे। फिर भी किताब देखकर आनंद से भर उठे थे। बाद में सुमित्रानंदन पंत की अनुकंपा से विश्विद्यालय में अध्यापक की नौकरी मिली। जब दूधनाथ के आगे पीछे कोई नहीं था और जब वे रसूलाबाद के सेनेटोरियम में टी.बी. से जूझ रहे थे तब पंतजी अकेले व्यक्ति थे जो उन्हें देखने गए थे। अपनी पुस्तक 'लौट आ, ओ धार' में दूधनाथ सिंह ने बहुत मन से पंतजी का स्मरण किया है।

अपने विरोधियों को भी सम्मान देते थे दूधनाथ सिंह
 
जब 2016 में दूधनाथ सिंह अपने गुरु डॉ धीरेंद्र वर्मा की ग्रंथावली पर काम कर रहे थे, उन दिनों हिन्दुस्तानी एकेडेमी अक्सर आया करते थे। धीरेन्द्र वर्मा एकेडेमी के सचिव रह चुके थे और उनकी प्रायः सभी पुस्तकें एकेडेमी पुस्तकालय में उपलब्ध थीं। उन दिनों दूधनाथ जी एक दिन मेरे कार्यालय कक्ष में बैठे हुए थे, उसी समय उनके पास एक फोन आया। कुछ बातें हुईं और दूधनाथ जी सीधे डांटने के अंदाज में बोले "मैं किसी पुरस्कार के लिए अपनी संस्तुति नहीं कराऊंगा, क्यों कराऊं,  मुझे नहीं चाहिए पुरस्कार। जिस पुरस्कार के लिए खुद आवेदन करना हो और संस्तुति करानी पड़े वह पुरस्कार मुझे नहीं चाहिए।" फोन काटने पर मैंने पूछा कि क्या हुआ गुरुजी? उन्होंने बताया कि कह रहा था कि हिन्दी संस्थान के महात्मा गांधी सम्मान के लिए किसी से जल्दी संस्तुति करा दीजिए, अंतिम तारीख एक दो दिन बची है। ताज्जुब की बात है कि उसी साल उन्हें संस्थान का भारत भारती सम्मान मिला। अगर दूधनाथ सिंह गांधी सम्मान के लिए संस्तुति करा दिए होते तो नियमानुसार उन्हें 'भारत भारती' सम्मान नहीं मिल पाता। वह फोन इसी साजिश के तहत किया गया था।
     
अक्सर देखा जाता है कि विरोधी विचारधाराओं के लोग एक साथ बैठना भी पसंद नहीं करते। किंतु दूधनाथ जी इसके अपवाद थे। ऐसा ही अनुभव मुझे 2017 में हिंदुस्तानी एकेडेमी के स्थापना दिवस के अवसर पर हुआ। तब मैं एकेडेमी में पदाधिकारी था। यह विशिष्ट अनुभव था न्यायमूर्ति गिरिधर मालवीय तथा कथाकार आलोचक दूधनाथ सिंह के बारे में। दोनों समवयस्क थे और दूधनाथ जी मालवीय जी से केवल तीन दिन छोटे थे। विचारधारा के स्तर पर दोनों एक दूसरे के धुर विरोधी थे। जहां जस्टिस गिरिधर मालवीय 2014 संसदीय चुनाव में प्रधानमंत्री मोदी के प्रस्तावक रह चुके थे वहीं कथाकार दूधनाथ सिंह आग्रही वामपंथी, जलेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष और मोदी के घोर विरोधी थे।
विज्ञापन

बहिष्कार के बावजूद हिंदुस्तानी एकेडेमी की स्थापना दिवस में लिया हिस्सा
 
यह अवसर था 2017 में हिंदुस्तानी एकेडेमी की स्थापना दिवस का। उस समय तीनों वामपंथी संगठन, प्रलेस, जलेस और जसम– एकेडेमी का बहिष्कार कर रहे थे। मुझे जस्टिस गिरिधर मालवीय का बहुत स्नेह मिलता था। जस्टिस प्रेमशंकर गुप्त के बाद वही थे जो मेरी छोटी बड़ी हर मुश्किल को आसान कर देते थे। उन्हें स्थापना दिवस समारोह का मुख्य अतिथि बनाने के लिए मैं उनके घर जाकर मिला। उन्होंने सहर्ष मेरा प्रस्ताव स्वीकार कर लिया। फिर चाय पीने को कहा और एकेडेमी की गतिविधियों के बारे में बात करते रहे।
 
दूसरी तरफ दूधनाथ जी भी मुझे बहुत स्नेह देते थे। वामपंथी संगठनों के बहिष्कार के बावजूद वे अक्सर एकेडेमी आते रहते थे और घंटों बैठते थे। उन्होंने स्थापना दिवस की ख़बर पढ़कर मुझे फोन किया और साधिकार पूछा कि तुम्हारे यहां स्थापना दिवस समारोह होने वाला है तो उसमें मुझे क्यों नहीं बुलाए? मैने कहा कि आप लोग तो एकेडेमी का विरोध कर रहे हैं। इस पर उन्होंने कहा कि मैं तो विरोध नहीं कर रहा हूं। बुलाकर तो देखो। फिर मैने उन्हें सादर आमंत्रित किया। उन्होंने पूछा कि मंच पर और कौन-कौन है? मैने बताया कि जस्टिस गिरिधर मालवीय मुख्य अतिथि हैं और अध्यक्षता करेंगे प्रो. के. बी. पांडेय। सुनते ही उन्होंने कहा कि मैं जरूर आऊंगा और आने का एक और आकर्षण हैं गिरिधर मालवीय। उनसे कई वर्षों के बाद मुलाकात होगी।

अब मेरे लिए बड़ी दुविधा खड़ी हो गई थी। दूधनाथ सिंह की उपस्थिति के बारे में जस्टिस गिरिधर मालवीय को बताना जरूरी था। उनकी प्रतिक्रिया क्या होगी इस बात को लेकर मेरे मन में गहरा संशय था। कहीं नाराज़ न हो जाएं। अगर कहीं मना कर देंगे तब क्या होगा। दोनों की विचारधारा विरोधी है। इन सब बातों को लेकर मैं गहरे असमंजस में था। संकोच करते हुए मैं शाम को मालवीय जी के घर पहुंचा और पूरी बात बताई। मेरी आशंका के विपरीत मालवीय जी बहुत खुश हुए और बोले कि यह तो बहुत अच्छी बात है, दूधनाथ जी बड़े विद्वान् हैं। उनसे हमारी बड़ी पुरानीआत्मीयता है उनसे मिलकर अच्छा लगेगा। स्थापना दिवस के दिन दोनों आए, मिले और जस्टिस गिरिधर मालवीय ने दूधनाथ जी को गले लगा लिया। पूरे कार्यक्रम के दौरान दोनों के बीच का माधुर्य देखते ही बनता था। शायद बड़े लोग ऐसे ही होते हैं। गुरुदेव को विनम्र नमन- रविनंदन सिंह
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें