एपीके फाइल डाउनलोड कराकर 17.34 लाख की ठगी
सिविल लाइंस थाना क्षेत्र की रहने वाली रिटायर्ड प्रोफेसर ने पुलिस को बताया कि उनके व्हॉट्सएप पर 14 अगस्त को अंजान नंबर से फोन आया और फिर एक एपीके फाइल भेजी गई। फाइल पर क्लिक करते ही वह डाउनलोड होने लगी। तभी उनका मोबाइल हैंग हो गया। बाद में पता चला कि खाते से कुल 17.34 लाख रुपये की ठगी कर ली गई है। साइबर पुलिस बैंक खाता नंबर के आधार पर ठगों की पहचान कर रही है।
ऑनलाइन ऑर्डर के नाम पर 6.32 लाख की ठगी
झूंसी की रहने वाली महिला शिक्षिका ने पुलिस को बताया कि 11 अक्तूबर को घर का मंदिर खरीदने के लिए इंस्टाग्राम के माध्यम से श्रवनी आनंद महादेश्वर नाम के व्यक्ति से संपर्क हुआ। मंदिर की कीमत तीन हजार रुपये बताई गई। इसके बाद मंदिर ऑनलाइन ऑर्डर कर भुगतान कर दिया। थोड़ी देर बाद लालच दिया गया कि रुपये रिटर्न हो सकते हैं। इस लालच में फंसाकर ठग ने कुल 6.32 लाख रुपये ऐंठ लिए। साइबर थाना प्रभारी अनिल कुमार वर्मा ने बताया कि ठगों की पहचान की जा रही है।