परिणाम से केशव संग नंदी, सिद्धार्थ और दीपक का भी बढ़ा सियासी कद
बिहार विधानसभा चुनाव में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के साथ प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी, विधायक सिद्धार्थ नाथ सिंह एवं विधायक दीपक पटेल की भी उल्लेखनीय भूमिका रही। मंत्री नंदी ने औरंगाबाद विधानसभा तो दीपक पटेल ने गोपालगंज जिले की बैकुंठपुर विधानसभा का प्रभार संभालते हुए भाजपा प्रत्याशी के चुनाव अभियान को गति दी। वहीं विधायक सिद्धार्थनाथ चुनाव के दौरान प्रवासी प्रभारी के रूप में वहां तैनात रहे।
उधर, एनडीए की जीत पर मंत्री नंदी ने कहा कि बिहार की जनता ने एक बार फिर विकास, सुशासन और स्थिरता के पक्ष में जनादेश दिया है। विधायक दीपक पटेल को पार्टी ने बैकुंठपुर विधानसभा सीट का प्रभारी बनाकर भेजा था। वहां भाजपा प्रत्याशी मिथिलेश तिवारी को 16 हजार से ज्यादा मतों से जीत मिली। बिहार विधानसभा चुनाव में प्रवासी प्रभारी के रूप में डेढ़ महीने तक विधायक सिद्धार्थनाथ सिंह ने भूमिका निभाई।
शुक्रवार को प्रयागराज पहुंचे पूर्व मंत्री एवं विधायक सिद्धार्थ नाथ सिंह ने बिहार चुनाव को सेमीफाइनल बताने और‘फाइनल यूपी में होने वाले सपा प्रमुख अखिलेश यादव के बयान पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि अखिलेश जी, आप सेमीफाइनल तो हार गए। फाइनल खेलने के लिए क्वालीफाई भी नहीं हुए हैं। ऐसे में 2027 का फाइनल तो वॉकओवर होने वाला है।