फर्जी बैंक अकाउंट मामले में फंसे राजा भैया
- फोटो : SELF
छह मई जैसे-जैसे नजदीक आ रही है, बड़े दलों के प्रत्याशियों के बोल बिगड़ रहे हैं। सपा-बसपा गठबंधन प्रत्याशी इंद्रजीत सरोज ने जनसत्ता पार्टी के संस्थापक रघुराज प्रताप सिंह राजा भइया का स्वागत करने वाले मुस्लिमों पर जहां लानत भेजी, वहीं अब भाजपा प्रत्याशी विनोद सोनकर ने मंच से जिले के ग्राम प्रधानों और कोटेदारों को धमकी दे डाली। सोशल मीडिया मामले का वीडियो खूब वायरल हो रहा है। भाजपा प्रत्याशी के बयान पर जनसत्ता पार्टी के संस्थापक राजा भइया ने करारा हमला बोला।
लोकसभा का चुनाव कौशाम्बी संसदीय सीट के लिए छह मई को होगा। चुनाव नजदीक देख बड़े सियासी दलों के प्रत्याशियों की जुबान फिसलने लगी है। ताजा मामला निवर्तमान सांसद व भाजपा प्रत्याशी विनोद सोनकर का है। विनोद सोनकर ने शुक्रवार को देवीगंज में सभा में कहा ‘कुछ प्रधान और कोटेदार उनका विरोध कर रहे हैं। वह तटस्थ हो जाएं। पहले तो यह संभव नहीं कि वह सांसद न बनें, अगर किसी कारण से सांसद नहीं बने तो जिले में तीन विधायक और योगी की सरकार बराबरी का हिसाब करेगी’। सांसद यहीं पर नहीं रुके कहा, ‘इस बार 2014 वाला विनोद सोनकर नहीं रहेगा। 2019 वाला विनोद सोनकर होगा, इसलिए समझ जाओ तो ठीक, न भी समझो तो भी ठीक’। '
सांसद का यह धमकी भरा बयान शनिवार को सोशल मीडिया में खूब शेयर हुआ।
भाजपा प्रत्याशी के धमकी भरे बयान पर शनिवार को उदहिन बुजुर्ग में जनसत्ता पार्टी के प्रत्याशी शैलेंद्र के समर्थन में जनसभा करने पहुंचे कुंडा विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भइया ने तीखा हमला बोला। कहा, ‘पांच साल तक सत्ता में रहकर वह उपलब्धि नहीं गिना सके तो धमकाकर अपने पक्ष में मतदान कराना चाहते हैं। यह लोकतंत्र की हत्या है। भाजपा प्रत्याशी सत्ता के मद में अगर थिरक रहें है तो वह लखनऊ में बैठकर घास नहीं छील रहे हैं’। इससे पहले सपा-बसपा के गठबंधन प्रत्याशी इंद्रजीत सरोज ने राजा भइया का स्वागत करने वाले मुसलमानों पर लानत भेजकर अपनी खूब किरकिरी कराई थी।
वायरल वीडियो की जांच शुरू
देवीगंज में नुक्कड़ सभा के दौरान विरोध करने वाले प्रधान और कोटेदारों को धमकी देना भाजपा प्रत्याशी और निर्वतमान सांसद विनोद सोनकर के लिए मुसीबत बन सकता है। सोशल मीडिया पर वायरल धमकी भरे वीडियो को जिला निर्वाचन विभाग ने संज्ञान में लेकर जांच शुरू करा दी है। जिला निर्वाचन अधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने बताया कि सांसद प्रत्याशी विनोद सोनकर का एक वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हुआ है, जिसमें धमकी दिए जाने संबंधी बात सामने आ रही है। मामला संज्ञान में है। जांच कराई जा रही है। उधर सपा-बसपा गठबंधन प्रत्याशी इंद्रजीत सरोज ने सांसद के बयान को लेकर निर्वाचन विभाग से शिकायत की है। इस पर जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि उन्हें किसी प्रत्याशी की तरफ से लिखित में शिकायत नहीं मिली है। फिलहाल वह सोशल मीडिया की खबर को संज्ञान में लेकर जांच करा रहे हैं।