उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ ठकुराई गुट एवं वित्तविहीन बागी गुट के विरोध के बीच आखिरकार यूपी बोर्ड की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की कॉपियों का मूल्यांकन शुरू हो गया। पहले दिन कई मूल्यांकन केंद्रों पर तो कॉपियों के बंडल ही नहीं खुल सके। विरोध एवं समर्थन के बीच जिला विद्यालय निरीक्षक कोमल यादव ने पहले दिन 6760 कॉपियों के मूल्यांकन का दावा किया है। पहले दिन परीक्षकों को मूल्यांकन की जानकारी दी गई।
यूपी बोर्ड की ओर से शहर में कॉपियों के मूल्यांकन के लिए आठ केंद्र बनाए गए हैं। इसमें केपी इंटर कॉलेज, जीआईसी, सीएवी इंटर कॉलेज, जीजीआईसी, भारत स्काउट गाइड इंटर कॉलेज, अग्रसेन इंटर कॉलेज, केसर विद्यापीठ इंटर कॉलेज, ऐंग्लो बंगाली इंटर कॉलेज में मूल्यांकन की व्यवस्था की गई है। पहले दिन जीआईसी, सीएवी इंटर कॉलेज में गिनती के परीक्षकों ने कॉपियों का मूल्यांकन किया। केपी इंटर कॉलेज में पहले दिन 3200 कॉपियां आवंटित की गई, परंतु जांच कर जमा नहीं हुई। केंद्र व्यवस्थापकों ने कॉपियों का आवंटन करने के बाद उसे जांची मानकर रिपोर्ट जिला विद्यालय निरीक्षक को भेज दी।
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ ठकुराई गुट के प्रदेश महामंत्री लालमणि द्विवेदी ने बताया कि मूल्यांकन बहिष्कार पूरी तरह से सफल रहा। उन्होंने सरकार ने नई पेंशन योजना के तहत कटौती की मांग दोहराई है। पहले दिन उन्होंने सभी मूल्यांकन केंद्रों का दौरा करने के बाद अपनी मांगों से जुड़ा ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को भेजा। मूल्यांकन बहिष्कार करने वालों में वित्तविहीन शिक्षक संघ बागी गुट के महासचिव राजेंद्र प्रसाद श्रीवास्तव, डॉ. सुनील कुमार शुक्ल, उदय राज यादव, डॉ. देवी शरण त्रिपाठी, डॉ. अरूण कुमार चौबे सहित बड़ी संख्या में शिक्षक शामिल रहे।