फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बैंकों में चले लात-घूंसे

Sat, 12 Nov 2016 02:41 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो, इलाहाबाद
विज्ञापन
इलाहाबाद - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, इलाहाबाद
विज्ञापन
500 और 1000 की नोट पर रोक लगने के तीसरे दिन लोगों का सब्र जवाब देने लगा। लोगों के पास करेंसी खत्म है और रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करना भी मुश्किल हो रहा है। शुक्रवार को उम्मीद थी कि एटीएम से पैसे मिलेंगे, लेकिन अधिकतर एटीएम बंद रहे। नतीजा यह रहा कि अभी संयम रखकर घर बैठे लोग भी बैंक शाखाओं पर टूट पड़े। हर शाखा के बाहर लंबी लाइन लग गई। भीड़ इतनी कि संभालना मुश्किल। लाइन में लगने के दौरान कई आपा खो बैठे और आपस में जूतम-पैजार शुरू कर दी। कुछ लोग बैंक के अंदर भिड़ गए। वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने किसी तरह उन्हें अलग किया। ऐसे हालात दिन में कई बार बने। दो दिन तक सरकार के फैसले की जय-जयकार करने वाले शहरी भी अब परेशानी बढ़ने पर सरकार को कोस रहे हैं। उनका कहना है कि अब तो बच्चों के दूध एवं साग-सब्जी के लिए भी घर में पैसे नहीं हैं। 
विज्ञापन


शहर के सिविल लाइंस क्षेत्र जहां प्रमुख बैंकों की शाखाएं हैं, वहां लोगों को नोट बदलने और जमा करने के लिए एक से दूसरे बैंक में भटकना पड़ा। इलाहाबाद बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा, बैंक ऑफ इंडिया, पीएनबी, केनरा बैंक, विजया बैंक, यूनियन बैंक सहित अन्य बैंकों की शाखाओं में भारी भीड़ उमड़ी। यहां लोग भुगतान में देरी पर हंगामा करते रहे। कई शाखाओं में यही स्थिति रही। पीएनबी कीडगंज, बैंक ऑफ बड़ौदा कीडगंज में भी हंगामा हुआ। पैसा खत्म हो जाने पर बैंक ऑफ इंडिया की जीरोरोड शाखा में हंगामा हुआ।

बैंक के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने लोगों से संयम बरतने की अपील की है। पंजाब नेशनल बैंक अधिकारी एसोसिएशन के अध्यक्ष अश्वनी तिवारी ने कहा कि यह सही है कि लोगों के पास घरेलू खर्च के लिए पैसे नहीं हैं परंतु बैंक वालों की भी सीमा है। वह सुबह 10 बजे से शाम सात बजे तक काम कर रहे हैं, इसके बाद भी बैंक के अंदर आने वाले लोग कर्मचारियों-अधिकारियों से लड़ जाते हैं और अभद्र भाषा का प्रयोग कर रहे हैं। ऐसे में काम करने में परेशानी होती है। एसबीआई त्रिवेणी शाखा के सहायक महाप्रबंधक अरविंद कुमार गुप्ता ने बताया कि आज तक पुरानी करेंसी से ही काम चला है, उम्मीद है कि चेस्ट से शनिवार को दो हजार रुपये की नई करेंसी मिल जाएगी। ऐसे में लोगों की समस्या दूर की जाएगी। एसबीआई त्रिवेणी शाखा के कोई भी एटीएम नहीं काम कर रहे थे। 
विज्ञापन


इलाहाबाद। बैंकों की शाखाओं में चेस्ट से करेंसी नहीं पहुंचने के कारण दोपहर बाद ही कैश खत्म हो गया। टैगोर टाउन स्थित पंजाब नेशनल बैंक की महिला शाखा में दो बजे से पहले ही कैश खत्म हो गया। वहां लाइन में लगी महिलाओं ने तत्काल नोट मंगाने के लिए हंगामा शुरू कर दिया। बैंकों का दावा रहा कि पैसा शहर में आ गया है जबकि किसी भी शाखा में नई करेंसी नहीं पहुंची। शहर के अधिकांश बैंकों की शाखाओं में चार बजते-बजते ताला लग गया। ग्राहकों को बताया गया कि पैसा आने के बाद उन्हें दिया जाएगा।

अल्लापुर बैंक ऑफ बड़ौदा, यूनाईटेड बैंक, कार्पोरेशन बैंक, एसबीआई में पैसा शाम चार बजे तक खत्म हो गया। लोग भटकते रहे, उनकी कोई सुनवाई नहीं हुई। यूनाईटेड बैंक में पैसा बदलने पहुंची शिखा त्रिपाठी, अभिषेक मिश्र, पीयूष तिवारी सहित दर्जनों लोगों का कहना था कि सुबह आठ बजे ही बैंक पहुंच गए थे। लाइन में लगे होने के बाद भी उन्हें दो बजे तक पैसा नहीं मिला। तीन बजे बुलाया गया था, अब चार बजे तक पैसा नहीं आने पर बैंक में ताला बंद कर लिया गया है। कीडगंज पंजाब नेशनल बैंक में पैसे के लिए पहुंचे गोपाल केसरवानी ने बताया कि दो दिन से लगातार आ रहे हैं, पैसा एक्सचेंज नहीं हो रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की स्कीम काला धन रोकने के लिए लाई गई है परंतु यह तो हमें तो भूखों मार रही है।
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें