दो दिन से नोट की तलाश में घूम रहे शहरियों की मुसीबत कम होने का नाम नहीं ले रही है। अभी तक तो बैंकों और एटीएम पर नोट ढूंढ ही रहे थे कि शुक्रवार को बाजार में नमक की कमी की खबर ने उन्हें एक और काम दे दिया। शाम को ही अचानक अफवाह फैली की नमक और आटा की कमी हो गई है। बस फिर क्या था। लोगों ने पास बचे फुटकर पैसों को तुरंत नमक की खरीदारी में लगा दिया। आलम ये रहा कि नमक की कीमतें एकबारगी चढ़ गई। 18 रुपये किलो में बिकने वाले नमक के कुछ दुकानदारों ने 450 रुपये तक वसूले। इस दौरान इलाहाबाद जिले में कई जगह लोगों की दुकानदारों से मारपीट तक हो गई।
करेली में 60 फीट रोड पर इस कदर हंगामा हुआ कि वहां पुलिस को मौके पर आना पड़ा। नैनी, सुलेमसराय, गोविंदपुर, चकिया आदि इलाकों में भी नमक को लेकर लोगों की दुकानदारों से खूब किच-किच हुई।
जिले में शाम से ही अफवाह फैल गई कि नमक की कमी हो गई है। बस फिर क्या, लोग नमक खरीदने बाजार पहुंच गए। तमाम लोग ऐसे रहे जिन्होंने दस-दस किलो तक नमक खरीद लिया। लोगों से पूछा गया कि इतना नमक क्यों ले जा रहे हैं तो इस पर जवाब मिला कि नमक महंगा होने वाला है।
हर के साउथ मलाका, रामबाग, जार्जटाउन, बेली, कटरा, रामभवन, राजरूपपुर, चकिया, करेली समेत तमाम इलाकों में अफरातफरी मच गई। नमक के कारोबार वाले मार्केट में भी लोगों का हुजूम पहुंच गया। हालांकि लोगों को अधिकांश दुकानें बंद ही मिलीं। करेली के 60 फीट रोड पर दुकानदारों द्वारा एक किलो नमक का 100 रुपये तक दाम वसूले जाने को लेकर खासा हंगामा हुआ। यहां दुकानदारों से लोगों की मारपीट हो गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस मारपीट करने वालों को पकड़कर थाने ले आई। उधर कटरा में लक्ष्मी टाकीज चौराहे के पास महादेव मार्केट में नमक का दाम 450 रुपये वसूले जाने को लेकर खासा हंगामा हुआ। यहां भी लोगों की दुकानदारों से झड़प हुई। सूचना पाकर मौके पर पहुुंची पुलिस ने सभी दुकानें बंद करवा दीं।
0 बताया जा रहा है कि किसी ने वाट्सअप एवं अन्य सोशल मीडिया में खबर डाल दी कि नमक की कमी हो गई है और उसके दाम बढ़ने वाले हैं। एक दूसरे के फोन पर वायरल होते-होते यह अफवाह गांव और गली-गली तक पहुंच छोटी दुकानों पर भी अफरातफरी का माहौल रहा।
0 नमक की कमी की खबर आने की शहर के बड़े आढ़तियों ने खंडन किया है। इलाहाबाद और आसपास के जिलों में नमक की सप्लाई करने वाले रवि सॉल्ट ट्रेडर्स के प्रोपराइटर रवि केसरवानी ने बताया कि नमक की कमी बिल्कुल नहीं है। इलाहाबाद में इतना स्टॉक है कि उससे सिर्फ यहीं नहीं बल्कि आसपास के जिलों में भी नमक की कमी नहीं होने वाली। व्यापारी प्रमिल केसरवानी ने भी नमक की कमी को कोरी अफवाह बताया। नमक के थोक व्यापारी सतीश केसरवानी ने बताया कि अभी भी 50 किग्रा की बोरी 800 से 820 रुपये में उपलब्ध है। उन्होंने बताया कि जिले में आटे की भी कमी नहीं है। लोग संयम बरते। यह कोरी अफवाह है।