मैनेजर की डायरी गायब, साथी संदेह के घेरे में
बदमाश सिर्फ पीछे की सीट से चाबियों का बैग ले गए थे
घर वालों ने पुलिस अधिकारियों से पूछा, बदमाश नहीं ले गए तो कौन ले गया डायरी और कागजात
प्रयागराज। बैंक मैनेजर अनिल कुमार दोहरे हत्याकांड में सनसनीखेज खुलासा हुआ है कि उनकी डायरी और कुछ महत्वपूर्ण कागज घटना के बाद से ही गायब हैं। दरअसल बदमाशों ने अनिल को गोली मारने के बाद पीछे की सीट पर रखा बैग लूटा था जिसमें बैंक की चाबियां थीं। लेकिन अनिल के पर्स से उनकी पर्सनल डायरी तथा अन्य महत्वपूर्ण कागजात भी गायब हैं। घर वालों ने पुलिस अधिकारियों से सवाल पूछा है कि बदमाश डायरी नहीं ले गए तो आखिर कौन ले गया है। पुलिस को एक बैंककर्मी पर ही शक है। जल्द ही उससे पूछताछ की जाएगी।
कालिंदीपुरम के रहने वाले अनिल कुमार दोहरे इलाहाबाद बैंक की बांका जलालापुर शाखा में बैंक मैनेजर थे। शुक्रवार को वह बैंककर्मियों के साथ कार से बैंक जा रहे थे, तभी मऊआइमा के मरखामऊ असरहा चौराहे के पास बदमाशों ने उनकी गोली मारकर हत्या कर दी थी। बदमाश कार की पिछली सीट से एक बैग लूट ले गए थे जिसमें बैंक की चाबियां थीं। पुलिस ने लूट के एंगल से जांच शुरू की। एक बदमाश की शिनाख्त का दावा भी किया गया। एक गिरोह को शक के दायरे में लेते हुए कौशांबी और प्रतापगढ़ में दबिश भी दी गई लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। उधर वालों ने पुलिस को एक ऐसी बात बताई जिससे मामला ही पलटता नजर आ रहा है। घर वालों ने बताया कि अनिल पर्स में एक डायरी और कुछ कागजात रखते थे। वह डायरी वह घर वालों को भी छूने नहीं देते थे, घटना वाले दिन से उनकी डायरी और कागजात गायब हैं। बैंककर्मियों ने पुलिस जो सूचना बताई थी, उसके मुताबिक बदमाशों ने अनिल से लूटपाट नहीं की। वे सिर्फ पीछे वाली सीट से एक बैग लूटकर ले गए। अब सवाल उठता है कि उनकी डायरी कहां गई। इस मामले में अनिल के साथी ही संदेह के घेरे में आ गए हैं। घर वाले खुलकर आरोप लगाकर रहे हैं, उनकी भी जांच होनी चाहिए। हो सकता है कि गायब डायरी का संबंध उनकी हत्या से हो।
घर वालों के आरोपों की होगी जांच :एसपी क्राइम
प्रयागराज। बैंक मैनेजर की हत्या के मामले में घर वालों ने जो आरोप लगाए हैं, उनकी जांच की जाएगी। जब बदमाशों ने अनिल से लूटपाट ही नहीं की तो आखिर डायरी और कागजात कहां गए। कुछ लोगों को शक के दायरे में रखा गया है, जल्द ही उनसे पूछताछ की जाएगी। पुलिस की एक टीम लूट के एंगल के एंगल पर भी काम कर रही है। बदमाशों का जो गिरोह शक के दायरे में है, उनकी प्रयागराज, कौशांबी और प्रतापगढ़ में खोजबीन हो रही है।
।