Ayushman India: Private Hospitals
प्रयागराज। आयुष्मान भारत जन आरोग्य योजना में 160 निजी अस्पतालों की संबद्धता में प्रयागराज को प्रदेश भर में पहला स्थान मिला है। वहीं एमएलएन मेडिकल कॉलेज में सर्वाधिक लाभार्थियों का इलाज करने का भी रिकार्ड भी जिला अव्वल है।
शासन स्तर पर नोडल संस्था साचीज के साथ हुई समीक्षा बैठक के दौरान आयुष्मान भारत जन आरोग्य योजना की प्रगति जांची गई। इसमें पाया गया कि मंडल मुख्यालय वाले जिलों में प्रयागराज में 160 निजी अस्पतालों को योजना के तहत लाभार्थियों का इलाज करने के लिए संबद्ध किया गया। सीएमओ मेजर डॉ. जीएस बाजपेयी को इसके लिए प्रशस्ति पत्र भी दिया गया है।
आयुष्मान भारत योजना के नोडल अधिकारी डॉ. राहुल सिंह के मुताबिक योजना के तहत प्रयागराज ने दूसरी उपलब्धि भी अपने नाम करने में सफलता पाई है। प्रदेश के अन्य मेडिकल कॉलेजों की अपेक्षा यहां सर्वाधिक लाभार्थियों का इलाज किया गया। प्राचार्य मेडिकल कॉलेज डॉ. एसपी सिंह ने बताया कि आयुष्मान योजना के तहत सहूलियतें बढ़ाई गई हैं। काउंटर की संख्या दोगुनी कर गोल्डेन कार्ड बनाने का आंकड़ा प्रतिदिन 50 के पार पहुंच गया है।
डॉ. दिलीप रंजन मंडलीय
विजिलेंस अफसर नियुक्त
आयुष्मान भारत योजना में धोखाधड़ी रोकने और लाभार्थियों की शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए शासन ने बृहस्पतिवार को मंडलीय विजिलेंस अफसर की तैनाती की है। संयुक्त निदेशक स्वास्थ्य डॉ.दिलीप रंजन को इस पद पर प्रयागराज में पहली पोस्टिंग दी गई है। वह प्रयागराज, कौशाम्बी, प्रतापगढ़ और फतेहपुर में योजना से संबद्ध अस्पतालों की निगरानी और जांच करेंगे। गोल्डेन कार्ड वाले लाभार्थियों की शिकायतों का निस्तारण उनके जिम्मे होगा।