इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) एवं संघटक महाविद्यालयों में स्नातक की वार्षिक परीक्षाएं 23 मार्च से आयोजित की जाएंगी। इविवि प्रशासन ने सत्र 2021-22 की वार्षिक और सम एवं विषम सेमेस्टर की परीक्षाओं की तिथियां घोषित कर दी हैं। विषम सेमेस्टर की परीक्षाएं 21 फरवरी और सम सेमेस्टर की परीक्षाएं 23 मई से प्रस्तावित की गई हैं।
हालांकि यह अभी स्पष्ट नहीं है कि परीक्षाएं ऑफलाइन होंगी या ऑनलाइन मोड में आयोजित की जाएंगी। यह निर्णय बाद में कोविड की स्थितियों के अनुरूप लिया जाएगा। इविवि की पीआरओ डॉ. जया कपूर के अनुसार बीए, बीएससी, बीएससी होमसाइंस और बीकॉम की द्वितीय एवं तृतीय वर्ष की सत्र 2021-22 की परीक्षाएं 21 मार्च से शुरू होंगी।
विधि, पीजी एवं प्रोफेशनल पाठ्यक्रमों की विषम सेमेस्टर (तीसरे, पांचवें, सातवें एवं नौवें सेमेस्टर) की परीक्षाएं 21 फरवरी और विधि, पीजी एवं प्रोफेशनल पाठ्यक्रमों की सम सेमेस्टर (चौथे, छठवें, आठवें एवं दसवें सेमेस्टर) की परीक्षाएं 23 मई से आयोजित की जाएंगी। परीक्षा का विस्तृत कार्यक्रम जल्द ही जारी किया जाएगा।