जीएन झा हॉस्टल में पुलिस की कार्रवाई के बाद सील कमरे का ताला तोड़ने वाले शोध छात्र गौरव पांडेय की मदद करने के आरोप में एलएलबी द्वितीय वर्ष के छात्र वैभव प्रकाश पांडेय को इविवि प्रशासन ने निष्कासन का नोटिस जारी किया है। वैभव को मामले में निलंबित किया जा चुका है। चीफ प्रॉक्टर प्रो. राम सेवक दुबे की ओर से जारी नोटिस में छात्र को 25 अप्रैल को लिखित रूप से कारण बताने को कहा गया है और पूछा गया कि क्यों न उसे विश्वविद्यालय से निष्कासित कर दिया जाए।
लॉज में रहने वाले छात्रों पर भी होगी नजर
हॉस्टलों के साथ अब शहर के लॉज में रहने वाले छात्रों पर भी पुलिस और जिला प्रशासन की निगरानी रहेगी। एडीएम सिटी अशोक कुमार कनौजिया की ओर से सभी लॉज मालिकों को पत्र जारी का निर्देश दिए गए हैं कि जिन छात्र-छात्राओं को लॉज के कमरे किराये पर दिए जाते हैं, उन परिचय पत्र अनिवार्य रूप से लिया जाएगा। साथ ही छात्र-छात्राओं का पूरा विवरण संबंधित थाने में जमा किया जाएगा। अगर लॉज मालिक यह काम नहीं करते हैं तो उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।