अतीक अहमद की अवैध रूप से अर्जित एक और संपत्ति पर शनिवार को जिला प्रशासन का कब्जा हो गया। पुलिस ने नीमसराय स्थित उसके बेशकीमती प्लॉट को कुर्क कर दिया। साथ ही प्लॉट पर नोटिस भी लगवाया कि अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
एसएसपी की रिपोर्ट पर जिलाधिकारी ने अतीक के नीमसराय स्थित प्लॉट को कुर्क करने का आदेश जारी किया था। कैंट पुलिस की ओर से अतीक पर दर्ज गैंगस्टर के मुकदमे में 14(1) की कार्रवाई की अनुमति मांगने के लिए एसएसपी के माध्यम से रिपोर्ट जिला प्रशासन को पत्र भेजा गया था। पुलिस ने बताया कि धूमनगंज में नीमसराय आवास योजना स्थित प्लाट नंबर 332/1 जेड नीमसराय अतीक अहमद के नाम दर्ज है।
पुलिस का दावा है कि एक हजार वर्ग मीटर से ज्यादा का यह प्लॉट अतीक ने अपराध से अर्जित किया। जिला प्रशासन के आदेश पर शुक्रवार को पुलिस टीम उक्त प्लॉट को कुर्क करने पहुंची। यहां अवैध तरीके से मांस की दुकानें लगी हुई थीं। पुलिस ने सभी अवैध दुकानदारों को हटवाया और इसके बाद संपत्ति को कुर्क कर दिया गया। कार्रवाई के बाद प्लॉट पर इस आशय का नोटिस भी लगवाया गया कि अतिक्रमणकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। धूमनगंज इंस्पेक्टर ने बताया कि संपत्ति कुर्क करने के बाद रिपोर्ट एसएसपी के माध्यम से डीएम को भेजी गई है।