हॉलैंड हॉल छात्रावास में इविवि छात्रसंघ अध्यक्ष उदय प्रताप यादव के ऊपर दूसरे गुट के लोगों ने हमला बोल दिया। अध्यक्ष का आरोप है उसे निशाना बनाकर फायरिंग की गई हालांकि पुलिस फायरिंग की घटना से इंकार कर रही है।
छात्रसंघ अध्यक्ष की तहरीर पर पुलिस ने छात्रनेता राहुल यादव सहित चार के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज की है। अध्यक्ष ने पुलिस को बताया कि रविवार शाम करीब छह बजे वह हॉलैंड हॉल में बने अपने चैंबर में बैठा हुआ था, तभी राहुल उर्फ रूद्र वहां सतीश, पुल्कित समेत अपने अन्य साथियों के साथ पहुंचा और गाली-गालौच शुरू कर दी। वहां मौजूद दूसरे छात्रों के मना करने पर इन लोगों ने वहां तोड़फोड़ शुरू कर दी। आसपास रखे कूलर एवं अन्य वस्तुओं को डंडा मारकर तोड़ डाला। उदय का कहना है इस बीच राहुल के साथ आए लड़कों ने तमंचा निकाल लिया और उसे निशाना बनाकर गोली चला दी।
किसी तरह उसने अपनी जान बचाई। तब तक वहां हॉस्टल के तमाम दूसरे छात्र भी जुट गए। छात्रों को जुटता देख हमलावर युवक वहां से धमकी देते हुए भाग खड़े हुए। सूचना मिलने पर प्रभारी कर्नलगंज इंस्पेक्टर पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। अध्यक्ष ने फायरिंग की बात बताई लेकिन पुलिस की जांच-पड़ताल के दौरान कोई खोखा वहां से बरामद नहीं हुआ। इंस्पेक्टर के मुताबिक वहां मौजूद छात्रों से भी पूछताछ की गई। देर-रात अध्यक्ष की तहरीर पर पुलिस ने राहुल, सतीश, पुल्कित समेत आधा दर्जन अज्ञात युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। इंस्पेक्टर के मुताबिक दोनों पक्षों के बीच काफी समय से विवाद चल रहा है। मामले की विवेचना कराई जा रही है।