Prayagraj News : अतीक और अशरफ की हत्या के बाद तैनात पुलिस फोर्स।
- फोटो : अमर उजाला।
माफिया भाइयाें की हत्या में गिरफ्तार तीनों शूटरों ने जंक्शन के पास स्थित एक लॉज को ठिकाना बनाया था। कॉल्विन अस्पताल से, जहां यह वारदात हुई वहां से इस लॉज की दूरी बमुश्किल एक किमी है। तीनों हत्यारोपियों से पूछताछ में इस बात का खुलासा हुआ। इसके बाद पुलिस ने लॉज में छापा मारकर गेस्ट रजिस्टर व सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लिया है।
पुलिस अफसरों ने जब आरोपियों से पूछताछ शुरू की तो अहम जानकारियां मिलीं।
पता चला कि तीनों कस्टडी रिमांड मिलने के बाद से ही अतीक व अशरफ को मारने की फिराक में लगे थे। इसके तहत ही वह 14 अप्रैल को प्रयागराज पहुंच गए थे। उन्होंने जंक्शन स्थित एक लॉज में गेस्ट बनकर रूम किराये पर लिया था। इसके बाद वह मीडियाकर्मी बनकर अतीक व अशरफ की रेकी में लग गए थे। 14 अप्रैल की रात जब पुलिस दाेनों भाइयों को लेकर कौशाम्बी की ओर निकली, तब भी शूटर उनके पीछे लग गए थे। लेकिन मीडियाकर्मियों की भीड़ ज्यादा होने के चलते उन्हें मौका नहीं मिल सका और वह अपने मकसद में कामयाब नहीं हो पाए।