प्रदेश के अशासकीय महाविद्यालयों में असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती के लिए 26 मई से प्रस्तावित लिखित परीक्षा स्थगित कर दी गई है। उत्तर प्रदेश उच्चतर शिक्षा सेवा आयोग (यूपीएचईएससी) ने कोविड के मद्देनजर लिखित परीक्षा स्थगित की है। इस परीक्षा के तहत असिस्टेंट प्रोफेसर के 2003 पदों पर भर्ती होनी है, जिसके लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है।
असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन की तिथि बढ़ाने की अभ्यर्थियों ने मांग की है। उनका कहना है कि आयोग ने राहत नहीं दी तो न्यायालय की शरण में जाएंगे। अभ्यर्थियों के मुकाबले आवेदन प्रक्रिया में पहले ही दिन से तकनीकी अड़चन आ रही थी। पोर्टल न खुलने के कारण शुरुआती दिनों में ज्यादातर अभ्यर्थी आवेदन नहीं कर सके। इसकी वजह से आयोग को एक बार आवेदन की तिथि बढ़ानी पड़ी, लेकिन इसके बाद भी स्थिति नहीं सुधरी। कई अभ्यर्थियों का रजिस्ट्रेशन हुआ, फीस भी जमा हुई लेेकिन फॉर्म अंतिम रूप से सब्मिट नहीं कर सके।
कई आवेदकों ने रजिस्ट्रेशन तो जमा कर दिया लेकिन शुल्क जमा करने में तकनीकी अड़चन आ गई। अंतिम तिथि से पहले ही शुल्क जमा सेवा बंद कर दी गई। कई अभ्यर्थियों का आवेदन और शुल्क जमा होने के बावजूद उनके पास कोई कंनफर्मेशन मेल नहीं आया, जिससे अभ्यर्थियों को संदेह है कि परीक्षा में शामिल हो सकेंगे या नहीं। उच्च शिक्षा संघर्ष मोर्चा के उपाध्यक्ष एवं मीडिया प्रभारी समरजीत सिंह का कहना है कि अगर आयोग आवेदन की तिथि नहीं बढ़ता है तो हजारों अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होने से वंचित रह जाएंगे। आयोग से राहत न मिलने पर अभ्यर्थी न्यायालय जाएंगे।