उच्च शिक्षा निदेशालय ने प्रदेश के अशासकीय सहायता प्राप्त महाविद्यालयों में असिस्टेंट प्रोफेसर बीएड के 112 चयनित अभ्यर्थियों को ऑनलाइन काउंसलिंग के माध्यम से मंगलवार को कॉलेज आवंटित कर दिए। इसके साथ ही सभी अभ्यर्थियों को ऑनलाइन नियुक्ति पत्र भी जारी कर दिए गए। उच्च शिक्षा निदेशालय को उत्तर प्रदेश उच्चतर शिक्षा सेवा आयोग से छह अन्य विषयों के परिणाम भी मिल चुके हैं, जिनके चयनितों को ऑनलाइन माध्यम से इसी माह कॉलेज आवंटित किए जाएंगे।
आयोग ने बीएड का चयन परिणाम काफी पहले ही उच्च शिक्षा निदेशालय को भेज दिया था, लेकिन विषय से संबंधित मामला न्यायालय में लंबित होने के कारण निदेशालय ने इसके चयनितों की काउंसलिंग रोक दी थी। मंगलवार को निदेशालय ने ऑनलाइन काउंसलिंग के माध्यम से असिस्टेंट प्रोफेसर बीएड के 112 चयनित अभ्यर्थियों को कॉलेज आवंटित करते हुए उनके नियुक्ति पत्र भी जारी कर दिए।
अब निदेशालय की ओर से नियुक्ति पत्र की सत्यापित प्रतियां संबंधित कॉलेजों को प्रेषित की जाएंगी और अभ्यर्थियों को ऑनलाइन जारी नियुक्ति पत्र से इनका मिलान कराने के बाद नियुक्ति प्रदान की जाएगी।
इस बीच निदेशालय को छह अन्य विषयों में असिस्टेंट प्रोफेसर के 214 पदों का चयन परिणाम भी प्राप्त हो गया है। इनमें असिस्टेंट प्रोफेसर भौतिक विज्ञान के 98, गणित के 96, गृह विज्ञान के 12, अनुवांशिकी एवं पादप प्रजनन के चार और संगीत सितार एवं भूमि संरक्षण के दो-दो पद शामिल हैं ।
अब इन विषयों के चयनितों को ऑनलाइन काउंसलिंग के माध्यम से कॉलेज आवंटित होने हैं। सहायक निदेशक प्रो. बीएल शर्मा ने बताया कि बीएड के चयनितों को कॉलेज आवंटित कर दिए गए हैं और बाकी विषयों के अभ्यर्थियों की काउंसलिंग भी इसी माह करा दी जाएगी।