सात प्रकार के पदों पर लिखित परीक्षा और इंटरव्यू से चयन
उत्तर प्रदेश कृषि सेवा समूह ‘ख’, श्रेणी-2 के तहत पांच प्रकार के 116 पदों, जिला उद्यान अधिकारी श्रेणी-2, ग्रेड-1 के तीन पदाें और प्रधानाचार्य राजकीय खाद्य विज्ञान प्रशिक्षण केंद्र/खाद्य प्रसंस्करण अधिकारी श्रेणी-2 के एक पद पर लिखित परीक्षा एवं इंटरव्यू के माध्यम से चयन होगा, जबकि वरिष्ठ प्राविधिक सहायक ग्रुप ‘ए’ के 148 पदों पर चयन केवल लिखित परीक्षा के माध्यम से होगा।
प्रारंभिक परीक्षा
दो घंटे की परीक्षा में अभ्यर्थियों को वस्तुनिष्ठ/बहुविकल्पीय प्रकार के 120 प्रश्नों के उत्तर देने होंगे। इनमें से 40 प्रश्न सामान्य अध्ययन और 80 प्रश्न कृषि विषय से संबंधित होंगे। परीक्षा कुल 300 अंकों की होगी और प्रत्येक प्रश्न के लिए 2.5 (ढाई अंक) निर्धारित होंगे।
मुख्य परीक्षा
परीक्षा दो सत्रों में होगी और कुल तीन प्रश्नपत्र होंगे। पहले सत्र में प्रथम प्रश्नपत्र सामान्य अध्ययन और दूसरा प्रश्नपत्र सामान्य हिंदी एवं निबंध का होगा। दोनों प्रश्नपत्रों को हल करने के लिए डेढ़-डेढ़ घंटे का वक्त मिलेगा और प्रत्येक प्रश्नपत्र 50-50 अंकों का होगा। वहीं, दूसरे सत्र में तीसरा प्रश्नपत्र वैकल्पिक विषय का होगा। 250 अंकों के इस प्रश्नपत्र को हल करने के लिए तीन घंटे का समय मिलेगा।