सरकारी विभागों में विभिन्न पदों पर तैनात अफसरों के स्थायीकरण एवं प्रमोशन के लिए आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। विभागीय परीक्षा-2022 उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग के परीक्षा हाल में आयोजित की जाएगी, जिसकी तिथि आयोग जल्द ही जारी करेगा। परीक्षा के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 30 अप्रैल निर्धारित की गई है।
आयोग ने जिन पदों पर तैनात अधिकारियों से स्थायीकरण एवं प्रमोशन के लिए आवेदन मांगे हैं, उनमें उत्तर प्रदेश सहकारी एवं पंचायत लेखा परीक्षा सेवा अधिकारी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, वन विभाग के अधिकारी, सिंचाई विभाग के अधिकारी, सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिकारी, स्टाम्प एवं निबंधन के अधिकारी, सहकारिता विभाग के अधिकारी भाग-1, कृषि विभाग के अधिकारी भाग-1, कृषि अभियंत्रण विभाग के अधिकारी भाग-1, गन्ना विकास विभाग के अधिकारी, राज्य रोजगार सेवा के अधिकारी, राज्य प्रशिक्षण सेवा के अधिकारी, अधीनस्थ राजपत्रित सेवा के अधिकारी और एआईएस अखिल भारतीय सेवा के अधिकारियों की उर्दू परीक्षा होगी।
आयोग के परीक्षा नियंत्रक एवं संयोजक विभागीय परीक्षाएं अरविंद कुमार मिश्र के अनुसार परीक्षा का विस्तृत कार्यक्रम बाद में जारी किया जाएगा। यह आवश्यक नहीं कि आवेदन छपे हुए फॉर्म पर हों, लेकिन वे संलग्न फॉर्म 1-2 में भेजे जाएंगे। आवेदन पत्र स्थानीय विभागीय कार्यालय के सक्षम अधिकारी के माध्यम से ‘संयोजक, विभागीय परीक्षाएं, कार्यालय उत्तर प्रदेश, 10 कस्तूरबा गांधी मार्ग, प्रयागराज’ तक 30 अप्रैल तक पहुंचाए जाने हैं।