इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) में सत्र 2022-23 के तहत परास्नातक (पीजी) प्रवेश परीक्षा और सत्र 2021-22 के तहत संयुक्त शोध प्रवेश परीक्षा (क्रेट) के लिए आवेदन की प्रक्रिया जल्द शुरू होगी। दोनों प्रवेश परीक्षाएं विश्वविद्यालय प्रशासन अपने स्तर से कराएगा, जबकि स्नातक में प्रवेश के लिए इस बार नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) की ओर से सभी केंद्रीय विश्वविद्यालयों की संयुक्त प्रवेश परीक्षा कराई जा रही है, जिसके लिए आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।
पीजी और क्रेट को लेकर स्पष्ट नहीं था कि इन पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए संयुक्त परीक्षा होगी या विश्वविद्यालय पूर्व की भांति अपने स्तर से परीक्षा कराएगा। मंगलवार को कुलपति ने प्रवेश समिति के सदस्यों के साथ बैठक की और तय हुआ कि इस बार केवल स्नातक में संयुक्त प्रवेश परीक्षा के माध्यम से दाखिले लिए जाएंगे। पीजी और पीएचडी में दाखिले के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन अपने स्तर से प्रवेश परीक्षा आयोजित करेगा।
इसके साथ ही इंस्टीट्यूट ऑफ प्रोफेशनल स्टडीज (आईपीएस) के पाठ्यक्रमों और एलएलबी में भी विश्वविद्यालय अपने स्तर से दाखिले लेगा। प्रवेश परीक्षा के लिए एक सप्ताह के भीतर टेंडर जारी किया जा सकता है और एजेंसी का चयन होने के बाद आवेदन की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।