इलाहाबाद विश्वविद्यालय में शिक्षकों के बाद अब कर्मचारियों की भर्ती के लिए एक बार फिर कवायद शुरू की गई है। कोई बड़ा विवाद सामने नहीं आया तो आगामी महीने के पहले पखवारे में नोटिफिकेशन कर दिया जाएगा। इसके बाद आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।
कुलपति प्रोफेसर रतनलाल हांगलू ने कार्यभार ग्रहण करने के बाद शिक्षकों के साथ कर्मचारियाें की भर्ती की भी घोषणा की थी। इन भर्तियों के लिए नोटिफिकेशन की तारीख भी घोषित कर दी थी। इसके बाद शिक्षकों की भर्ती के लिए तो आवेदन मांगे जा चुके हैं, लेकिन विवाद की वजह से कर्मचारियों की नियुक्ति के लिए विज्ञापन जारी नहीं हो सका। वर्तमान में कार्यरत कर्मचारियों ने भी प्रमोशन की मांग को लेकर आंदोलन किया था। विज्ञापन में देरी के पीछे इसे भी कारण माना जा रहा है। हालांकि अब सभी विवाद दूर होने के दावे किए जा रहे हैं। अगले महीने में नोटिफिकेशन की उम्मीद है।