Allahabad University : अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन करते एलएलपी के छात्र।
- फोटो : अमर उजाला।
इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) में सत्र 2021-22 की एलएलबी प्रथम एवं चतुर्थ सेमेस्टर की परीक्षाएं होंगी। बुधवार दोपहर चीफ प्रॉक्टर परीक्षा नियंत्रक कार्यालय पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों के बीच पहुंचे और इसकी जानकारी दी। वहीं विवि प्रशासन के इस निर्णय से नाराज छात्र धरने पर बैठ गए। उनका कहना था कि जब तक विवि छात्रों के प्रमोशन का निर्णय नहीं लेता है। उनका प्रदर्शन जारी रहेगा। इस बीच प्रदर्शन में शामिल एक छात्र की हालत बिगड़ गई। उसे चिकित्सीय उपचार के लिए ले जाया गया।
इविवि में सत्र 2021-22 की एलएलबी प्रथम एवं चतुर्थ सेमेस्टर की परीक्षाओं के विरोध में सोमवार को विश्वविद्यालय परिसर में हंगामा किया था। छात्रों ने साढ़े छह घंटे तक परीक्षा नियंत्रक कार्यालय का घेराव किया। इस पर विवि प्रशासन की ओर से आश्वासन दिया गया कि छात्रों की मांगों पर जो भी निर्णय होगा, 22 जून को उन्हें अवगत करा दिया जाएगा तब मामला शांत हुआ था।
इससे पूर्व एलएलबी के छात्रों ने 17 जून को परीक्षा नियंत्रक कार्यालय का घेराव किया था। बुधवार सुबह एक बार फिर छात्र परीक्षा नियंत्रक कार्यालय पर जमा हो गए। दोपहर में चीफ प्रॉक्टर ने उन्हें सूचना दी कि परीक्षाएं होंगी। किसी तरह का प्रमोशन नहीं होगा। इससे नाराज छात्र नारेबाजी करने लगे और चेतावनी दी कि जब तक विवि प्रशासन परीक्षा की जगह प्रमोशन का निर्णय नहीं लेता है, प्रदर्शन जारी रहेगा।