स्टाफा नर्स : नियुक्ति के छह माह बाद भी नहीं मिली नियुक्ति, आयोग पर प्रदर्शन
स्टाफ नर्स भर्ती परीक्षा में चयनित अभ्यर्थी परिणाम जारी होने छह माह बाद भी नियुक्ति न मिलने से अभ्यर्थियों में नाराजगी है। बुधवार को अभ्यर्थियों ने लोक सेवा आयोग गेट पर नारेबाजी की। अभ्यर्थियों का कहना है कि चयनितों में अधिकतर संविदा पर कार्य कर रहे थे। एनओसी देने के बाद वह नौकरी भी छोड़ दी। ऐसे में उनके सामने आर्थिक संकट गहरा गया है।
आयोग ने स्टाफ नर्स भर्ती परीक्षा- 2021 की लिखित परीक्षा 3 अक्तूबर 2021 में कराई थी। अंतिम परिणाम चार जनवरी 2022 को जारी हुआ था। 3014 अभ्यर्थी इसमें सफल हुए थे। परिणाम जारी होने के बाद आयोग की ओर से चयनित अभ्यर्थियों के प्रपत्रों की जांच भी करा ली गई है। लेकिन इस प्रक्रिया के छह माह बाद भी इन्हें अभी तक नियुक्ति नहीं मिल पाई है। चयनित अभ्यर्थियों का कहना है कि चयनित लगभग 6 महीने से नियुक्ति से वंचित हैं। अधिकतर संविदा पर काम कर रहे थे।
आयोग की ओर से एनओसी मांगे जाने पर नोटिस देकर त्यागपत्र दे दिया है। ऐसे में चयनित उम्मीदवार आर्थिक और मानसिक तनाव का सामना कर रहे हैं। अभ्यर्थियों ने कहा कि 12 मई को ज्ञापन देने पर आयोग की ओर से बताया गया था कि जल्द ही नियुक्ति संबंधित फाइल संबंधित विभाग को भेज दी जाएगी। लेकिन 45 दिन से भी ज्यादा का समय होने पर फाइल भेजी नहीं गई। इससे चयनित अभ्यर्थी मानसिक और आर्थिक परेशानी का सामना कर रहे हैं। अभ्यर्थियों ने जल्द नियुक्ति प्रक्रिया पूरी करने की मांग की।