छात्रों ने अभिषेक की मौत पर मांगा 20 लाख का मुआवजा
0 हॉस्टल अधीक्षक का पुतला फूंका, निलंबन की मांग पर अड़े
प्रयागराज। इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) के शताब्दी ब्वॉयज हॉस्टल में शॉर्ट सर्किट से लगी में आग में झुलसे विधि छात्र अभिषेक सिंह की मौत का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। एक तरफ छात्रों ने कुलपति को पत्र लिखकर अभिषेक के परिजनों को 20 लाख रुपये का मुआवजा दिए जाने की मांग की है, वहीं दूसरी ओर एनएसयूआई के बैनर तले छात्रों ने हॉस्टल अधीक्षक का पुतला फूंककर अधीक्षक को पद से हटाए जाने की मांग की है।
शताब्दी ब्वॉयज में हुई घटना के भड़के छात्र लगातार मांग कर रहे हैं कि हॉस्टल के अधीक्षक डॉ. राजेश कुमार गर्ग को अधीक्षक के पद और राष्ट्रीय सेवा योजना से हटाया जाए। इसी मांग को लेकर एनएसयूआई के छात्रों ने सोमवार को हॉस्टल के अधीक्षक का पुतला फूंका। एनएसयूआई के कार्यकारी अध्यक्ष वैभव सिंह ने कहा कि जब तक डॉ. गर्ग को निलंबित नहीं किया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। आरोप लगाया कि डॉ. गर्ग की लापरवाही के कारण विश्वविद्यालय ने एक होनहार विद्यार्थी को खो दिया। इस मौके पर अमित द्विवेदी, कमलेश सोनकर, जितेंद्र यादव, आकाश विक्रम सिंह, अमरेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।
वहीं, छात्रसंघ बहाली की मांग को लेकर 609 दिनों से इविवि में आंदोलन कर रहे छात्रों ने कुलपति कार्यालय में ज्ञापन देकर शताब्दी ब्वॉयज हॉस्टल में हुई घटना की उच्च स्तरीय जांच कराने, मुआवजा दिए जाने और अधीक्षक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। छात्रोें ने अभिषेक के परिजनों को कम से कम 20 लाख रुपये मुआवजा दिए जाने की मांग की है। इस मौके पर छात्र नेता अजय यादव सम्राट, हरेंद्र यादव, राहुल पटेल, आकाश यादव, त्रयंबक सिंह, ऋषभ सिंह, नवनीत यादव, अमरेश सिंह आदि मौजूद रहे।