इविवि में द्वितीय वर्ष के विद्यार्थी प्रोन्नत, चार जुलाई से कक्षाएं
पांच मई तक स्नातक तृतीय वर्ष के विषयों का करना होगा चयन
डीन ऑफिस में जमा होंगे आवेदन, जारी किया गया नोटिफिकेशन
प्रयागराज। इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) एवं संघटक महाविद्यालयों में स्नातक द्वितीय वर्ष के छात्र-छात्राओं को तृतीय वर्ष में प्रोन्नत कर दिया गया है। तृतीय वर्ष की कक्षाएं चार जुलाई से शुरू होंगी। इसके लिए इविवि के रजिस्ट्रार प्रो. एनके शुक्ला की ओर से बृहस्पतिवार को नोटिफिकेशन जारी कर दिया गया।
इविवि में सत्र 2021-22 के तहत स्नातक द्वितीय से तृतीय वर्ष में प्रोन्नत किए गए छात्र-छात्राओं को तृतीय वर्ष के लिए विषयों के चयन की प्रक्रिया पांच मई तक पूरी करनी है। ऐसे छात्र-छात्राओं को पांच मई तक डीन ऑफिस में यूनिवर्सिटी एंट्रेंस स्कोर कार्ड, प्रथम एवं द्वितीय वर्ष में प्रमोशन से संबंधित स्कोर कार्ड जमा करना है। गौरतलब है कि इससे पूर्व स्नातक द्वितीय एवं तृतीय वर्ष की ऑफलाइन परीक्षाएं मई के पहले सप्ताह से प्रस्तावित थीं, लेकिन छात्रों ने इसका विरोध किया। वे ऑनलाइन मोड में परीक्षाएं कराने की मांग कर रहे थे। छात्रों के आंदोलन के कारण इविवि प्रशासन को अपना निर्णय पलटना पड़ा, जिसके बाद द्वितीय वर्ष के छात्र-छात्राओं को तृतीय वर्ष में प्रमोट करने और तृतीय वर्ष की ऑनलाइन परीक्षाएं कराने का फैसला किया गया। द्वितीय वर्ष के विद्यार्थियों को तो प्रमोट कर दिया गया है, लेकिन तृतीय वर्ष की ऑनलाइन परीक्षा तिथि अभी घोषित नहीं की गई है।