इविवि एवं संघटक महाविद्यालयों में पीजी की कुल 9467 सीटों पर प्रवेश होने हैं। इनमें 4203 सीटें विश्वविद्यालय परिसर और 5264 सीटें संघटक कॉलेजों में हैं। इन सीटों पर दाखिले के लिए प्रवेश परीक्षाएं दो से पांच जून तक आयोजित की गईं थीं। कॉपियों का मूल्यांकन पूरा होने वाला है और इस माह के अंत में प्रवेश परीक्षा का परिणाम जारी किए जाने की तैयारी है।
विश्वविद्यालय में गर्मी की छुट्टियां चल रहीं हैं। जुलाई में विश्वविद्यालय खुलने पर दूसरे सप्ताह से प्रवेश के लिए काउंसलिंग की प्रक्रिया शुरू किए जाने की तैयारी है, ताकि जुलाई के अंत तक प्रवेश प्रक्रिया पूरी की जा सके और अगस्त से पीजी के नए सत्र की शुरुआत की जा सके। प्रवेश प्रकोष्ठ के निदेशक प्रो. जेके पति ने बताया कि इस माह के अंत तक पीजी प्रवेश का परिणाम जारी किए जाने का प्रयास है और जुलाई के अंत तक प्रवेश प्रक्रिया पूरी करने का लक्ष्य है।
क्रेट में सफल अभ्यर्थी 10 के बाद विभाग में करें संपर्क
इविवि एवं संघटक महाविद्यालयों में पीजी की 734 सीटों पर दाखिले के लिए 15 जून को संयुक्त शोध प्रवेश परीक्षा-2022 का परिणाम जारी किया जा चुका है। इनमें 316 सीटों इविवि एवं 418 सीटों संघटक महाविद्यालयों में हैं। प्रवेश प्रकोष्ठ के निदेशक प्रो. जेके पति के अनुसार क्रेट-2022 के सफल अभ्यर्थियों को रिजल्ट शीट के माध्यम से अवगत करा दिया गया है कि वे 10 जुलाई के बाद संबंधित विभागों में संपर्क करें। 10 जुलाई से पहले सभी विभागों को लिखित परीक्षा का परिणाम उपलब्ध करा दिया जाएगा। इसके बाद विभाग अपने स्तर से इंटरव्यू कराके दाखिले की प्रक्रिया पूरी करेंगे।