फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

इविवि क्रेट की एक केंद्र की परीक्षा होगी निरस्त 

Fri, 01 Jul 2016 02:06 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो, इलाहाबाद
विज्ञापन
इलाहाबाद व‌िश्वव‌िद्यालय - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, इलाहाबाद
विज्ञापन
इलाहाबाद विश्वविद्यालय की पीजी एवं संयुक्त शोध प्रवेश परीक्षा (क्रेट) निरस्त करने की मांग कर रहे परीक्षार्थियों की मांग के आगे झुकते हुए आखिरकार विश्वविद्यालय प्रशासन ने शहर के बिशप जानसन स्कूल एवं कॉलेज परीक्षा केंद्र की शोध प्रवेश परीक्षा निरस्त कर दी है। एक केंद्र की परीक्षा निरस्त किए जाने केबाद अब छात्रों ने पूरी शोध प्रवेश परीक्षा और पीजी प्रवेश परीक्षा निरस्त करने की मांग की है। छात्रों ने चेतावनी दी है कि उनकी मांगों को लेकर यदि विवि प्रशासन ने उदासीनता दिखाई तो इसके परिणाम गंभीर हाेंगे। वहीं परीक्षा निरस्त किए जाने को लेकर इविवि के अधिकारी खुलकर कुछ बोलने से मना कर रहे हैं। 
विज्ञापन

  इस बारे में विवि के रजिस्ट्रार प्रो. एनके शुक्ल का कहना है कि परीक्षा निरस्त करने के बारे में अभी तक कोई अधिकारिक फैसला नहीं हुआ है। प्रवेश प्रकोष्ठ के प्रभारी प्रो. बीएन सिंह का कहना है कि इस संबंध में हाईपावर कमेटी ही कोई फैसला लेगी। उन्होंने बताया कि कमेटी की बैठक हुई है उन्हें अभी इसके निर्णय की जानकारी नहीं है। पीआरओ प्रो. योगेश्वर तिवारी ने भी बताया कि अभी इस बारे में कोई फैसला नहीं हुआ। उन्होंने बताया कि हाईपावर कमेटी ने कुछ फैसला लिया है, अभी इसकी जानकारी नहीं मिली है।
23 जून को हुई शोध प्रवेश परीक्षा के ओएमआर एवं बुकलेट में गड़बड़ी एवं पांच विषयों केप्रश्नपत्र छपकर नहीं आने सहित अनेक विसंगतियों के साथ परीक्षा के दौरान जमकर नकल की शिकायत को लेकर विवि के छात्रों ने आंदोलन चला रखा है। आंदोलन के दौरान छात्रों की प्रमुख मांग यह है कि कुलपति छात्रों से वार्ता करके के लिए आगे आएं। छात्रों की मांग को अनसुना करते हुए विवि प्रशासन ने उनकी कोई मांग माने जाने से मना कर दिया।
विज्ञापन


इस बीच आंदोलन बढ़ता देख विवि की ओर से नियुक्त प्रमुख सुरक्षा अधिकारी प्रो. माता अम्बर तिवारी ने कहा कि विवि प्रशासन ने शहर के बिशप जॉनसन परीक्षा केंद्र पर हुई शोध प्रवेश परीक्षा निरस्त कर दी है। उन्होंने बताया कि कुलपति प्रो. आरएल हांगलू चार जुलाई को ग्यारह बजे छात्रों से मिलेंगे। उन्होनें शर्त रखा है कि कुलपति प्रवेश परीक्षा में शामिल छात्रों से ही वार्ता करेंगे। वह छात्रसंघ पदाधिकारियों एवं छात्र संगठनों के लोगों से बात नहीं करेंगे। कुलपति की ओर से वार्ता के लिए नई शर्त लगाए जाने के बाद छात्रों ने नाराजगी व्यक्त की है।

कुलपति के रवैये के खिलाफ आज से क्रमिक धरना
- इविवि के कुलपति की ओर से छात्रसंघ पदाधिकारियों एवं छात्र संगठनों के लोगों से मिलने से इनकार कर दिए जाने के बाद छात्रों ने छात्रसंघ भवन पर बैठक करके तय किया है कि वह शुक्रवार से क्रमिक धरना करेंगे। छात्रसंघ की पूर्व अध्यक्ष ऋचा सिंह ने घोषणा की है कि प्रवेश परीक्षा निरस्त कराने को लेकर विवि में क्रमिक धरने के साथ डेलीगेसी में माइक मीटिंग की जाएगी। मांग करने वालों में अखिलेश गुप्ता, अजीत यादव, सूरज शुक्ल, राहुल चौरसिया, अनिल सिंह, अभय राज सिंह, आशिया बानो, नलिनी मिश्रा, शालू यादव, विशाखा गुप्ता, राहुल यादव सहित बड़ी संख्या में छात्र शामिल रहे।

इविवि में शोध प्रवेश परीक्षा और पीजी प्रवेश परीक्षा निरस्त करने की मांग को लेकर आंदोलन तेज होता जा रहा है। छात्रों के आंदोलन तेज होने और कैंपस में मौजूद होने के बाद भी कुलपति के वार्ता के लिए आगे नहीं आने पर पुलिस प्रशासन ने भी सहयोग करने से हाथ खड़ा कर दिया है। एसपी सिटी राजेश कुमार यादव ने विवि के मुख्य सुरक्षा सलाहकार प्रो. माता अम्बर तिवारी से कहा कि छात्रों की मांग को देखते हुए कुलपति को आगे आकर वार्ता करके मामले का समाधान करना चाहिए।
  उन्होंने कहा कि यदि यही स्थिति रही तो पुलिस मदद नहीं कर पाएगी। उन्होंने कहा कि शहर में कानून-व्यवस्था को लेकर अन्य समस्याएं हैं, इसको लेकर पुलिस की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि पुलिस दिनभर विवि में छात्रों को शांत करने के लिए उपलब्ध नहीं हो सकती। उन्होंने विवि प्रशासन से छात्रों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए अनुमति देने को कहा तो कोई आगे नहीं आया। इस बात पर एसपी सिटी पुलिस लेकर कैंपस से चले गए।

- इलाहाबाद विश्वविद्यालय की ओर से बृहस्पतिवार को हुई कार्य परिषद की बैठक में एक सूत्रीय एजेंडे पर चर्चा की गई। इस दौरान वित्त समिति की ओर से अनुमोदित वार्षिक बजट को मंजूरी दे दी गई। कार्य समिति की बैठक मात्र 15 मिनट में खत्म हो गई। कार्य परिषद की बैठक कुलपति प्रो. रतनलाल हांगलू की अध्यक्षता में हुई।
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें