इलाहाबाद विश्वविद्यालय को एशिया में 701-750 रैंकिंग बैंड में जगह मिली है। इविवि को एकेडमिक रेपोटेशन में 6.6, साइटेशन प्रति पेपर में 17.7, एंप्लायर रेपोटेशन में 1.7, छात्र-शिक्षक अनुपात में 1.3 और अंतरराष्ट्रीय शोध कार्य में 2.3 अंक मिले हैं। देश में विश्वविद्यालय को 86-90 रैंकिंग बैंड में जगह मिली है। आने वाले समय में नेशनल इंस्टीट्यूट रैंकिंग फ्रेमवर्क (एनआईआरएफ) में भी इविवि की दावेदारी मजबूत हुई है।
विश्वविद्यालय का क्यूएस रैंकिंग में आना सुखद है, लेकिन प्राइवेट रैंकिंग से ज्यादा जरूरी है हमारा यूजीसी की रैंकिंग में आना और अच्छा नैक स्कोर होना। हमारा बराबर प्रयास है कि हम छात्रों को बेहतर शैक्षिक वातावरण दें और उनका सर्वांगीण विकास हो। साथ ही विश्वविद्यालय राष्ट्र के विकास में अकादमिक रूप से अधिकाधिक योगदान दे। हमको विश्वास है कि विश्वविद्यालय इससे भी श्रेष्ठ प्रदर्शन करेगा और अग्रणी शिक्षण संस्थाओं में मजबूती से खड़ा होगा। - प्रो.जया कपूर, पीआरओ, इविवि