prayagraj news : इलाहाबाद विश्वविद्यालय।
- फोटो : prayagraj
इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) एवं संघटक महाविद्यालयों में सत्र 2020-21 में प्रमोट किए गए स्नातक तृतीय वर्ष के छात्र-छात्राओं की द्वितीय परीक्षा और एलएलबी एवं बीएएलएलबी अंतिम सेमेस्टर की परीक्षा दो अगस्त से शुरू होगी। सभी परीक्षाएं सात अगस्त तक पूरी करा ली जाएंगी। परीक्षाएं ऑनलाइन मोड में आयोजित की जाएंगी। इनमें तकरीबन 1600 विद्यार्थी शामिल होंगे। इविवि प्रशासन ने सोमवार को परीक्षा का कार्यक्रम जारी कर दिया।
इविवि प्रशासन ने बीए, बीएससी और बीकॉम तृतीय वर्ष के जिन छात्र-छात्राओं को बिना परीक्षा के प्रमोशन दिया था, उनमें तकरीबन 800 छात्र-छात्राएं प्रमोशन मिले अंकों से संतुष्ट नहीं हैं। दो अगस्त से ऑनलाइन मोड में शुरू होने जा रही द्वितीय परीक्षा में ये छात्र-छात्राएं शामिल होंगे। वहीं, बीएएलएलबी और एलएलबी के तकरीबन 800 छात्र-छात्राएं अंतिम सेमेस्टर की परीक्षा देंगे। स्नातक तृतीय वर्ष के विद्यार्थियों को द्वितीय परीक्षा में अपने पुराने रोल नंबर का उपयोग करना होगा। इसके साथ एलएलबी अंतिम सेमेस्टर की द्वितीय परीक्षा के परीक्षार्थियों को भी अपने पुराने रोल नंबर का इस्तेमाल करना होगा।
वहीं, बीएएलएलबी और एलएलबी अंतिम सेमेस्टर की मुख्य परीक्षा के लिए नियमित छात्र-छात्राओं के प्रवेश पत्र इविवि की वेबसाइट पर उपलब्ध करा दिए गए हैं। परीक्षार्थी वेबसाइट से प्रवेश पत्र डाउनलोड कर लें। परीक्षा नियंत्रक प्रो. रमेंद्र कुमार सिंह के अनुसार ऑनलाइन परीक्षा की प्रक्रिया से संबंधित फ्लो चार्ट एवं वीडियो इविवि की वेबसाइट पर प्रदर्शित कर दिया गया है। परीक्षा नियंत्रक ने छात्र-छात्राओं से कहा कि वे अपनी उत्तरपुस्तिका की एक पीडीएफ तैयार करने और फ्लो चार्ट एवं वीडियो के दिशा-निर्देशों के अनुसार उसे अपलोड करने का अभ्यास करें, ताकि परीक्षा के दौरान किसी तरह की समस्या का सामना न करना पड़ा।
अगस्त के दूसरे सप्ताह में प्रवेश के लिए शुरू हो सकते हैं आवेदन
इलाहाबाद विश्वविद्यालय एवं संघटक महाविद्यालयों में अगस्त के दूसरे सप्ताह में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू होने के आसार हैं। इविवि प्रशासन की ओर से एजेंसी चयन के लिए जारी किया गया टेंडर सात अगस्त तक फाइनल कर लिया जाएगा और इसके बाद इविवि प्रशासन आवेदन की तिथि एवं परीक्षा कार्यक्रम जारी कर देगा। परीक्षा सितंबर में आयोजित कराए जाने की तैयारी है।