प्री पीएचडी कोर्स में एकरूपता लाने की तैयारी
इलाहाबाद विश्वविद्यालय में प्री पीएचडी कोर्स में एकरूपता लाने की तैयारी है। ऐसे में शनिवार को प्रस्तावित एकेडमिक कौंसिल की बैठक में इस मसले पर भी निर्णय लिया जा सकता है। प्री पीएचडी कोर्स के लिए संकायवार (कला, विज्ञान, वाणिज्य और विधि) नया पाठ्यक्रम तैयार किया जा चुका है। इसे एकेडमिक काउंसिल की बैठक में रखा जाएगा। मंजूरी मिलने के बाद नए पाठ्यक्रम को लागू किया जाएगा। विश्वविद्यालय में वर्तमान में विभागवार छह-छह माह का प्री पीएचडी कोर्स का संचालन किया जाता है, जिससे परीक्षाएं भी अलग-अलग समय पर होती हैं। संकायवार पाठ्यक्रम में एकरूपता आने से शोधकार्य समय से पूरे किए जा सकेंगे।
राज्य विवि में प्रवेश के लिए आवेदन आज से
प्रो. राजेंद्र सिंह (रज्जू भइया) राज्य विश्वविद्यालय में सत्र 2022-23 के तहत दाखिले की प्रक्रिया 25 जून से शुरू होने जा रही है। शनिवार से ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी और दाखिले मेरिट के आधार पर लिए जाएंगे। दाखिले की प्रक्रिया 25 जुलाई तक पूरी कर ली जाएगी। नए सत्र में स्नातक स्तर पर तीन नए इंटीग्रेटेड पाठ्यक्रमों की 60-60 सीटों पर भी प्रवेश लिए जाएंगे। कुलपति प्रो. अखिलेश कुमार सिंह ने बताया कि शनिवार से ऑनलाइन आवेदन शुरू होंगे और इसके साथ ही विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर प्रवेश परीक्षा संबंधी गाइडलाइन भी अपलोड कर दी जाएगी।