देश के 11 शहरों में होगी प्रवेश परीक्षा
इविवि में पीजी में दाखिले के लिए प्रवेश परीक्षा देश के 11 शहरों में आयोजित की जाएगी। नई दिल्ली और उत्तर प्रदेश के प्रयागराज, लखनऊ, कानपुर, गोरखपुर, वाराणसी एवं बरेली में ऑफलाइन एवं ऑनलाइन दोनों मोड में प्रवेश परीक्षा होगी। वहीं, भोपाल, कोलकाता, पटना और तिरुवनंतपुरम में केवल ऑनलाइन मोड में प्रवेश परीक्षा आयोजित की जाएगी।
तीन सौ अंकों की होगी प्रवेश परीक्षा
पीजीएटी 2024-25 के तहत सभी पाठ्यक्रमों की प्रवेश परीक्षा अधिकतम 300 अंकों की होगी। इसमें बहुविकल्पीय प्रकार के 150 प्रश्न पूछे जाएंगे। गलत उत्तर के लिए कोई अंक नहीं काटा जाएगा।
परीक्षा से एक हफ्ते पहले जारी होंगे प्रवेश पत्र
आवेदक प्रवेश परीक्षा से एक सप्ताह पहले प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकेंगे। वैध प्रवेश पत्र और मूल पहचान पत्र के बिना आवेदक को किसी भी परिस्थिति में परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। आवेदकों को आवंटित परीक्षा केंद्रों के अलावा किसी भी स्थिति में अन्य परीक्षा केंद्रों में सम्मिलित होने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
परीक्षा के दौरान इलेक्ट्रॉनिक उपकरण प्रतिबंधित
प्रवेश परीक्षा के दौरान मोबाइल फोन, कैलकुलेटर, गैजेट, अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, किसी भी लिखित या मुद्रित कागजात का उपयोग प्रतिबंधित रहेगा और इसे अनुचित साधन माना जाएगा।