इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) में स्थायी कुलपति की नियुक्ति के लिए केंद्रीय मानव संसाधन मंत्रालय के पास तकरीबन 125 आवेदन जाएंगे हैं और इनमें से इविवि से भी कई शिक्षकों के आवेदन हैं। हालांकि, विश्वविद्यालय की ओर से सर्च कमेटी के लिए दो सदस्यों के नाम अब तक तय नहीं किए जा सके हैं जबकि इस बाबत मंत्रालय की ओर से रिमाइंडर जारी किया जा चुका है।
इविवि के कुलपति पद के लिए आवेदन विज्ञापन जारी होने की तिथि से एक माह के भीतर मांगे गए थे। यह समयावधि पूरी हो गई है। सूत्रों के मुताबिक मंत्रालय को तकरीबन 125 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें दो राज्य विश्वविद्यालयों के कुलपतियों के आवेदन भी शामिल हैं, जो इविवि में शिक्षक रह चुके हैं। वहीं, इविवि के कला संकाय के एक ऐसे शिक्षक ने भी आवेदन किया है, जो कई राज्य विश्वविद्यालयों में कुलपति बनने के लिए इंटरव्यू दे चुके हैं। इसके अलावा एक कॉलेज के प्राचार्य ने भी कुलपति पद के लिए आवेदन किया है।
वहीं, इविवि के वनस्पति विज्ञान विभाग, अर्थशास्त्र विभाग, अंग्रेजी विभाग, जेके इंस्टीट्यूट से भी एक-एक वरिष्ठ शिक्षक ने कुलपति पद के लिए दावेदारी की है। आवेदन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब सर्च कमेटी को इनकी स्क्रीनिंग करनी है लेकिन, सर्च कमेटी का अब तक गठन ही नहीं हुआ। इस मामले में मंत्रालय की ओर से इविवि प्रशासन को रिमांडर जारी कर सर्च कमेटी के दो सदस्यों की चयन प्रक्रिया जल्द पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। सदस्यों का चयन कार्य परिषद की बैठक में होना है और बैठक की तिथि अभी निर्धारित नहीं है। हालांकि इविवि प्रशासन 27 फरवरी को एकेडमिक कौंसिल की बैठक की तिथि घोषित कर चुका है। माना जा रहा है कि एकेडमिक कौंसिल की बैठक होते ही, कार्य परिषद की तिथि घोषित कर दी जाएगी।