जीआरपी रामबाग ने ट्रेन के एसी कोच में मुसाफिरों के बैग और सामान उड़ाने वाले शातिर बदमाश (बिहार में छपरा जिले के खलपुड़ा गांव) रजनीश कुमार सिंह उर्फ गोलू को पकड़ा है। मुखबिर की सूचना पर शुक्रवार रात पुलिस ने उसे लिच्छवी एक्सप्रेस से पकड़ा है। उसके पास से 7 ट्राली बैग, भारी मात्रा में कपड़े और नगदी बरामद हुई है।
रामबाग जीआरपी प्रभारी बीआर बिंद ने बताया कि पूछताछ में बदमाश ने बताया कि वह ट्रेन में जनरल का टिकट लेकर बैठता है। ट्रेन में सफर के दौरान शिकार खोजता है। उसके बाद टीटी से सेटिंग कर जुर्माना देकर एसी कोच में बैठ जाता था। उसने इलाहाबाद, वाराणसी, लखनऊ, दिल्ली, मुगलसराय, आजमगढ़ समेत अन्य रूटों पर दर्जनों वारदात को अंजाम दिया है। वह खुद को फौजी बताकर मुसाफिरों और पुलिस पर रौब भी गांठता था। एसआई बीआर बिंद ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मुकदमा लिखकर जेल भेज दिया गया।