यूपी बोर्ड की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा को नकल विहीन संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने तैयारी पूरी कर ली है। जिला प्रशासन एवं जिला विद्यालय निरीक्षक के निर्देशन में बृहस्पतिवार को बोर्ड परीक्षा के लिए तय सभी केंद्र व्यवस्थापकों की बैठक में उन्हें नए प्रावधानों की जानकारी दी गई। बैठक की अध्यक्षता कर रहे एडीएम सिटी गंगाराम गुप्ता ने केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश दिया कि नकल विहीन परीक्षा के लिए वह शासन के सभी दिशा निर्देशों का कड़ाई से पालन करें। उन्होंने निर्देश दिया कि केंद्र व्यवस्थापक आंतरिक सचल दस्ते में एक महिला शिक्षक अवश्य रखें।
सेंट ऐंथोनी गर्ल्स इंटर कॉलेज में बृहस्पतिवार को हुई बैठक में जिला विद्यालय निरीक्षक कोमल यादव ने केंद्र व्यवस्थापकों को परीक्षा के दौरान इस बार नए-नए प्रयोग होने वाले नियमों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कक्ष निरीक्षक परीक्षा कक्ष में उत्तर पुस्तिकाओं के वितरण केसमय अनुपस्थित परीक्षार्थी की सीट पर भी कॉपी रखेंगे। इस बार बोर्ड परीक्षा में कापियों पर नंबरिंग की गई है। नंबरिंग किए जाने के कारण ही बोर्ड ने ऐसा फैसला किया है। कापियों पर नंबरिंग होने के कारण अबकी बार नकल माफिया को कक्ष के बाहर कॉपी लिखवाने में परेशानी का सामना करना होगा।
जिला विद्यालय निरीक्षक ने केंद्र व्यवस्थापकों से कहा कि जो कॉपी परीक्षा वाले दिन परीक्षार्थी को वितरित की जाए, उसे अनुपस्थित परीक्षार्थी की डेस्क से उठाने के बाद किसी भी हालत में उसी दिन प्रयोग न की जाए। जिला विद्यालय निरीक्षक की ओर से बैठक के दौरान ही केंद्र व्यवस्थापकों को क्विक रिस्पांस कोड (क्यूआरसी) में प्रयोग में आने वाले सिम का वितरण भी किया गया। इसके माध्यम से केंद्र व्यवस्थापक अनुस्थित परीक्षार्थी की जानकारी बोर्ड को भेजेंगे। जीआईसी इलाहाबाद में 12 से 14 फरवरी के बीच क्यूआरसी का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसी के साथ जिला विद्यालय निरीक्षक ने बताया कि 12 से 14 फरवरी के बीच प्रश्नपत्रों को केंद्रों पर पहुंचाया जाएगा।
नकल विहीन बोर्ड परीक्षा के लिए मंडलायुक्त राजन शुक्ल की ओर से बुलाई गई मंडलीय समीक्षा बैठक में सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिए। इस दौरान कौशाम्बी के जिलाधिकारी से नकल विहीन परीक्षा के लिए उन्होंने खास निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी परीक्षा केंद्र पर सामूहिक नकल पकड़े जाने पर केंद्र व्यवस्थापक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।