स्मार्ट सिटी के लिए चयनित देश के सौ शहरों के दूसरे चरण के चयन में इलाहाबाद केंद्र सरकार की सोशल मीडिया साइट पर प्रथम स्थान पर पहुंच गया है। सोशल मीडिया साइट पर शहर से बड़ी संख्या में लोगों ने स्मार्ट सिटी पर सुझाव दिए हैं।
केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी परियोजना स्मार्ट सिटी के लिए सौ शहरों के चयन के बाद दूसरे चरण चयन के लिए माई जीओवी सोशल मीडिया पर आम लोगों से सुझाव मांगे जा रहे हैं। इसी के आधार पर केंद्र सरकार से स्मार्ट सिटी के लिए फंडिंग तय होगी। इलाहाबाद के लोग इसके स्मार्ट सिटी बनने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं, सो सोशल मीडिया पर इसके लिए सुझावों का ढेर लग गया। इससे नगर निगम प्रशासन भी गदगद है क्योंकि नगर आयुक्त समेत अन्य अफसर भी लोगों से ऑनलाइन सुझाव देने की अपील कर रहे थे।
सोशल मीडिया पर इलाहाबादियों के सुझाव की बाढ़ आ गई। अब तक 1.20 लाख से अधिक लोग स्मार्ट सिटी पर सुझाव दे चुके हैं। अभी यह संख्या और बढ़ने की उम्मीद है। स्मार्ट सिटी पर सुझाव के मामले में देश में प्रथम स्थान पर पहुंचाने के लिए नगर आयुक्त ने इलाहाबाद के लोगों को धन्यवाद दिया है। बृहस्पतिवार को नगर आयुक्त, अपर नगर आयुक्त विपिन कुमार मिश्र ने अफसरों के साथ महापौर अभिलाषा गुप्ता से मिलकर इसकी जानकारी दी। महापौर ने इसे विशिष्ट उपलब्धि बताया।