इलाहाबाद। कुंज शर्मा (80 रन नाबाद, 37 गेंद, सात चौके, तीन छक्के), हितेन दलाल (73 रन, 53 गेंद, सात चौके, पांच छक्के) एवं हिमांशु असनोरा (58) के अर्धशतक की बदौलत एयर इंडिया नई दिल्ली ने आनंद शुक्ला एकादश को 70 रनों से हराकर अखिल भारतीय न्यायमूर्ति एसएन द्विवेदी आमंत्रण क्रिकेट प्रतियोगिता जीत ली।
मदन मोहन मालवीय स्टेडियम पर सोमवार को खेले गए खिताबी मुकाबले में टास हारकर पहले खेलते हुए एयर इंडिया ने 42 ओवर में 8 विकेट पर 303 रन (कुंज शर्मा 80 नाबाद, हितेन दलाल 73, हिमांशु असनोरा 58, राहुल यादव 28,अम्बिकेश्वर मिश्र 4/53, उदय प्रताप सिंह 2/52) बनाकर आनंद शुक्ला एकादश को 41.2 ओवर में 233 रन (रंगराजन द्विवेदी 73, अमर चौधरी 37, उदय प्रताप 18 नाबाद, संजय पहल 3/33, सुखजिंदर सिंह 2/23) पर समेट दिया। मैच में शिशिर मेहरोत्रा और आरपी गुप्ता ने अंपायर तथा खुर्शीद अहमद राईन स्कोरर रहे। मुख्य अतिथि इलाहाबाद उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति तरुण अग्रवाल ने विजेता टीम को दो लाख रुपये एवं कप तथा उपविजेता टीम को रामशरण अग्रवाल कप के साथ एक लाख रुपये प्रदान किए।
मैन आफ दि टूनामेंट हितेन दलाल को 31 हजार तथा बेस्ट बैट्समैन एयर इंडिया के आदित्य कौशिक, बेस्ट बालर अमर चौधरी एवं बेस्ट विकेटकीपर जाहिद अली को क्रमश: दस-दस हजार रुपये दिए। समारोह में यूपी रणजी एवं आईपीएल खिलाड़ी एकलव्य द्विवेदी को 51 हजार रुपये देकर सम्मानित दिया गया। उनकी अनुपस्थिति में डा. सुरेश द्विवेदी ने यह पुरस्कार लिया। कार्यक्रम में यूपीसीए के निदेशक प्रेमधर पाठक विशिष्ट थे जबकि अध्यक्षता वरिष्ठ अधिवक्ता रविकांत ने की। एसीए रिसीवर डा. सुनील वर्मा, प्रतियोगिता सचिव डा. सुरेश द्विवेदी एवं सचिव डा. जूली ओझा ने मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों का स्वागत किया।
यूपीसीए निदेशक एवं उपाध्यक्ष ताहिर हसन ने धन्यवाद ज्ञापन तथा महासचिव आरपी भटनागर ने समारोह का संचालन किया। इस मौके पर डा. नजमी रहमान, रुस्तम खान, अनुराग श्रीवास्तव, शीलू भार्गव, मो. तारिफ, नारायण जी गोपाल, हनुमान प्रसाद, कौशिक पाल, विवेक सिंह उपस्थित रहे।